Tuesday, March 17

नवरात्र, रामनवमी पर रहेगी रेंज में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, 23 जोन व 79 सेक्टर में बांटा, 56 क्यूआरटी रहेंगी तैनात

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 17 मार्च (प्र)। मेरठ रेंज में आगामी चैत्र नवरात्र एवं रामनवमी के त्योहार शांतिपूर्वक संपन्न कराए जाने के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। इसके लिए रेंज को 23 जोन एवं 79 सेक्टर में विभाजित कर 56 क्यूआरटी तैनात की जाएंगी। आगामी 19 मार्च को चैत्र नवरात्र प्रारम्भ हो रहे हैं। साथ ही, 26 मार्च को दुर्गा अष्टमी व 27 मार्च को राम नवमी पर्व मनाया जाएगा। नवरात्र में मंदिरों व पंडालों में पूजा- अर्चना की जाती है। रामनवमी पर्व पर बड़ी संख्या में शोभायात्रा व मेलों का आयोजन किया जाता है।

त्यौहारों को सकुशल सम्पन्न कराए जाने के लिए डीआईजी रेंज मेरठ कलानिधि नैथानी द्वारा कानून एवं व्यवस्था के दृष्टिगत परिक्षेत्र के जनपदों के एसपी- एसएसपी को विशेष दिशा-निर्देश दिए हैं। डीआईजी ने बताया कि परिक्षेत्र में कानून व्यवस्था के मद्देनजर 6 एएसपी, 22 सीओ, 86 निरीक्षक, 631 उप निरीक्षक, 1115 मुख्य आरक्षी, 1265 आरक्षी एवं 705 होमगार्ड व पीआरडी तथा 3 कम्पनी पीएसी की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही, चैत्र नवरात्र व रामनवमी के अवसर पर परिक्षेत्र के मेरठ, बुलेदशहर, बागपत व हापुड में 96 शोभायात्राएं, 35 मेले व 20 अन्य कार्यक्रम पूजा अर्चना, भंडारे आदि प्रस्तावित हैं। शोभायात्रा के मार्ग में पड़ने वाले 114 स्थानों को संवेदनशील व हॉटस्पाट के रूप में चिह्नित किया गया है।

23 जोन और 79 सेक्टर बनाए
मेरठ रेंज को चैत्र नवरात्र व रामनवमी के पर्व के मद्देनजर सुरक्षा की दृष्टि से 23 जोन व 79 सेक्टर में बांटा गया है। 100 स्थानों को संवेदनशील चिह्नित किया गया है साथ ही, 56 क्यूआरटी तैनात की जाएंगी।

रेंज में शोभायात्रा और मेले
परिक्षेत्र के जनपद मेरठ में 16 शोभायात्रा व 11 मैले, बुलंदशहर में 42 शोभायात्रा व 14 मेले, बागपत में 4 शोभायात्रा व 3 मेले तथा हापुड़ में 34 शोभायात्रा व 7 मेले प्रस्तावित है। पुलिस विभाग द्वारा अब तक पीस कमेटी की 122 तथा संबंधित विभाग नगर निगम, स्वास्थ्य, विद्युत के साथ 108 बैठकों का आयोजन किया जा चुका है।

डीआईजी के दिशा-निर्देश
मिश्रित आबादी में समुचित पुलिस प्रबंध कर सतर्क दृष्टि रखी जाए।
जनपदों में पोस्टर पार्टी का गठन कर प्रातः काल धार्मिक स्थलों की नियमित चेकिंग सुनिश्चित की जाए।
प्रमुख मंदिरों व दुर्गा पूजा पंडालों व मेले को आने-जाने वाले मार्गों पर पैदल गश्त, रात्रि पिकेट व मोबाइल की व्यवस्था की जाए।
मंदिर, पंडाल व मेले में एंटी रोमियो स्क्वाड को भ्रमणशील रखा जाए।
अफवाहों के फैलाने, सोशल मीडिया व इंटरनेट पोस्ट पर देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी पर पैनी नजर रखी जाए।

Share.

About Author

Leave A Reply