मेरठ 17 मार्च (प्र)। हाशिमपुरा पुलिस चौकी से कुछ कदम की दूरी पर महिला ठेकेदार से सरेशाम पांच लाख रुपये की लूट हो गई। घटनास्थल के पास एक दुकान ने विवाद होता देख पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। फिर पीड़िता को थाने ले जाकर पूछताछ की। महिला ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने से इनकार कर दिया। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के सुभाष नगर गली नंबर-13 में सबिया का परिवार रहता है। सबिया नगर निगम में ठेकेदारी और आढ़त का कार्य करती है। बताया गया कि सोमवार की शाम करीब छह बजे सविया के पास सुहैल नाम के परिचित की फोन कॉल आई। इस पर सबिया बैग में रुपये रखकर स्कूटी से उसको देने के लिए चल दी। गली से जब वह मैन रोड पर हाशिमपुरा पुलिस चौकी से कुछ पहले पहुंची तो तभी गुलमर्ग सिनेमा की ओर से एक बाइक पर दो नकाबपोश बदमाश आए सविया का आरोप है कि बाइक सवारों ने उससे बैग छीन लिया। इसके बाद बदमाश कचहरी की ओर फरार हो गए। सबिया ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। बैग में सबिया ने 25 लाख रुपये होने की जानकारी दी। इसके बाद घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। पास के एक दुकानदार ने हाशिमपुरा चौकी प्रभारी कौशलेंद्र को सूचना दी।
चौकी प्रभारी ने थाना प्रभारी सौरभ शुक्ला को मामले की जानकारी दी। सूचना पर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचें। इसके बाद सबिया को पूछताछ के लिए थाने पर ले गए। थाना प्रभारी सौरभ शुक्ला ने बताया कि पीड़िता ने वारदात की सूचना न तो डायल 112 पर दी, न ही थाना पुलिस को दी।
एक दुकानदार के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली। पहले जहां सबिया ने 25 लाख रुपये लूट की बात कही. वहीं बाद में महज 5 लाख रुपये की लूट होने की बात बताई। जब सबिया से घटना को तहरीर मांगी गई तो उसने कार्रवाई से इनकार कर दिया। दूसरी ओर, पुलिस प्रारंभिक जांच में घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला लूट का न होकर रुपयों के लेन-देन का है। घटनास्थल के पास जिस दुकान पर सीसीटीवी लगा है, वह दुकान बंद है। मंगलवार की सुबह दुकान खुलने पर उसका सीसीटीवी फुटेज खंगाला जाएगा तब जाकर घटना का पता चल पाएगा। पुलिस की टीमें घटना को लेकर जांच कर रही हैं।
