मेरठ 20 मार्च (प्र)। भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव राली चौहान में एक सप्ताह पहले महिला और उसके बेटों पर रात के समय फायरिंग करने मामले में पुलिस ने तीन बाल अपचारियों समेत छह हमलावारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो तमंचे तथा एक पौना बंदूक के साथ 162 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां तीन आरोपियों को जेल तथा तीन बाल अपचारियों को किशोर सुधार गृह भेज दिया गया है।
थाना भावनपुर पर 12 मार्च को गांव राली चौहान निवासी बोबी ने अज्ञात हमलावारों के खिलाफ तहरीर दी थी। बोबी ने तहरीर में बताया था कि 11 मार्च को उसके आवास पर कुछ लोग आए। इन्होंने घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की जब वह और उसके बेटे बाहर आए तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। सीओ सदर देहात सुधीर सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और पुलिस विवेचना के दौरान महिला के घर पर फायरिंग के मामले में कुछ अभियुक्तों को चिह्नित किया गया। गुरुवार को भावनपुर थाना प्रभारी जोगेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तीन अभियुक्त तथा तीन बाल अपचारियों को पुलिस ने पकड़ लिया।
गिरफ्तार किये गए अभियुक्तों में अभिषेक पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी ग्राम कुंडा पिनाई, थाना फलावदा, बादल पुत्र जसवीर निवासी ग्राम छिलौरा व रिंकल पुत्र सुंदर निवासी ग्राम स्वाल के अलावा तीन बाल अपचारी को सुन्नी ईदगाह के पास से गिरफ्तार किया गया। सीओ सदर देहात के अनुसार, अभियुक्तों के कब्जे से 315 बोर के 2 तमंचे, 12 बोर का एक तमंचा तथा एक पौनिया तमंचा बरामद हुआ। इनके अलावा 32 बोर के 69 जिंदा करातूस, 12 बोर के 32 जिंदा कारतूस तथा 315 बोर का एक जिंदा कारतूस के अलावा एक मोटरसाइकिल बरमाद हुई है। इसके बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से तीन अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया, जबकि बाल अपचारियों को किशोर सुधार गृह भेजा गया है।
