Monday, March 23

मेहरमती गांव में दो हत्याओं के बाद गम और गुस्सा, आरोपियों के घरों पर हमले का प्रयास

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 23 मार्च (प्र)। सरधना के मेहरमती गांव में दो हत्याओं के बाद तनाव है। रात से ही गांव में फोर्स तैनात है। मृतकों के घर के बच्चे से लेकर महिलाओं तक में गुस्सा भरा है।

उनका कहना है कि पुलिस न्याय नहीं दिलाती तो वह खुद न्याय करेंगे। इस दौरान हत्यारों के घरों पर चढ़ाई करने का प्रयास भी किया गया लेकिन पुलिस ने आक्रोषित भीड़ को समझाकार लौटा दिया। दोपहर में दोनों का दफीना हुआ। उधर, देर शाम पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

सरधना के मेहरमती गणेशपुर गांव में ईद की शाम एक ही कुनबे के कुछ लोग खेत पर पार्टी कर रहे थे। बताया जाता है कि यहां जुआ भी चल रहा था।

इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले नोक झोंक और उसके बाद हाथापाई शुरू हो गई। विवाद खेतों से लेकर घर तक पहुंच गया। लाठी डंडे और धारदार हथियार चल गए, जिसमें भूरा व सईमुद्दीन की मौत हुई है।
विवाद जिस जगह शुरू हुआ हत्या उससे काफी दूर की गई है। दरअसल, यह हत्या गांव के बीच में की गई ताकि दहशत फैलाई जा सके। सलमान से मारपीट की जा रही थी।

इसी दौरान नमाज पढ़ कर लौट रहे भूरा और सईमुद्दीन भी वहां पहुंच गए। इससे पहले की दोनों कुछ समझ पाते, हमलावरों ने दोनों पर भी हमला बोल दिया। दोनों के पेट और पीठ पर छुरे से वार किये, जिसके बाद वह जमीन पर गिर गए।

प्रधान शहीद उर्फ़ सईदु के दो भाइयों की हत्या की सूचना जैसे ही फैली पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सरधना, सरूरपुर, रोहटा की पुलिस को लेकर सबसे पहले सीओ आशुतोष कुमार मेहरमती गांव पहुंचे और स्थिति को संभाला।

कुछ देर बाद ही एसपी देहात अभिजीत कुमार भी आ गए। मामला एक ही समुदाय के दो पक्षों का था, इसके बावजूद तनाव जैसे हालात बन रहे थे। रात में ही गांव में पीएसी तैनात कर दी गई।
रात में ही पुलिस ने भूरा व सईमुद्दीन के शवों का पोस्टमार्टम कराया और आधी रात को ही शव घर पहुंचा दिए। दिन निकलते निकलते तनाव और ज्यादा बढ़ गया। दोपहर में दोनों शवों का दफीना हुआ।

प्रधान शहीद उर्फ़ सईदु की तहरीर पर रात में ही इरशाद उर्फ़ चुन्नू पुत्र सलीम, युसूफ पुत्र नासिर, रईस खान पुत्र वशीर, वाहिद पुत्र जाहिद, शहान पुत्र जाहिद, साजिद पुत्र सलीम, सहजाद उर्फ़ मोटा पुत्र सगीर, साकिब पुत्र साजिद, सईद पुत्र सलीम और रिज़वान पुत्र सईद समेत 4-5 अज्ञात के खिलाफ धारा 191, 191(2), 191(3), 190, 109(1), 103(1), 352, 351(3), 115(2) के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। रविवार शाम पुलिस ने इस मामले में इरशाद उर्फ चुन्नू पुत्र सलीम, साजिद पुत्र सलीम और साकिब पुत्र साजिद को गिरफ्तार कर लिया।
मेहरमती में भारी तनाव है। प्रशासन किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त करने की स्थिति में नहीं है। ऐसे में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

Share.

About Author

Leave A Reply