Monday, March 23

किठौर में पुलिस से हाथापाई, संदिग्ध को छुड़ाया

Pinterest LinkedIn Tumblr +

किठौर 23 मार्च (प्र)।फोटो सत्यापन के बहाने संदिग्ध को पकड़ने का प्रयास कर रही साइफन चौकी पुलिस की उसके परिजनों से हाथापाई हो गई। परिजनों ने संदिग्ध आरोपी को पुलिस से छुड़ाकर भगा दिया। जिसके बाद गुस्साई पुलिस ने कई महिला-पुरुषों पर लाठीचार्ज कर आधा दर्जन घरों में जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस के तांडव से बस्ती में हाहाकार मचा रहा।

जानकारी के अनुसार असीलपुर निवासी आबिद पुत्र जाफर कलंदर पर ठगी के मुकदमें हैं। रविवार को साईफन चौकी इंचार्ज विवेक कुमार पुलिसकर्मियों के साथ कलंदर बस्ती पहुंचे और फोटो सत्यापन के बहाने आबिद को उसके मामा आशिक की दुकान पर बुलवाया। आविद दुकान पर पहुंचा तो पुलिस ने उसे दबोचकर गाड़ी में डालने का प्रयास किया। आबिद ने शोर मचा दिया शोर सुन आबिद के परिवार की महिलाएं, पुरुष दौड़कर पहुंचे और पुलिस से हाथापाई करते हुए आबिद को छुड़ाकर भगा दिया। हाथापाई में चौकी इंचार्ज चोटिल हो गए। बौखलाई चौकी पुलिस ने थाने को सूचना दी। जिस पर महिला सिपाहियों सहित भारी फोर्स मौके पर पहुंचा और हाथापाई कर रही महिला-पुरुषों पर लाठीचार्ज कर आसपास खड़े कई पड़ोसियों को भी जमकर पीटा। पुलिस ने आबिद के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे, एलसीडी, फ्रीज, वाशिंग मशीन, बर्तन तोड़ने के साथ आशिक की किराने की दुकान, फैजी, छोटे, रईस, सद्दाम, जाकिर आदि के घरों में इलेक्ट्रिक सामान के अलावा चारपाई, चूल्हे और घरेलू सामान में तोड़फोड़ की। लगभग एक घंटा चले पुलिस के तांडव से कलंदर बस्ती में हाहाकार मचा रहा। इंस्पेक्टर सुबोध सक्सेना ने बताया कि एक हिस्ट्रीशीटर को चोरी के शक में पुलिस पकड़ने गई थी जिसको उसके परिजनों ने छुड़ाकर भगा दिया।

पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
आबिद की पत्नी जाफरा का आरोप है कि चौकी के पुलिसकर्मी आबिद को न पकड़ने का भरोसा देकर उससे प्रतिमाह पैसे लेते रहते हैं। इस बार अलविदा जुमे को पुलिस कम पैसे लेने आए थे मगर उसने रमजान और ईद का हवाला देकर एकाध हफ्ते में पैसे देने की बात कही थी। आरोप है कि चौकी के पुलिसकर्मी महिला सिपाहियों के बगैर आ धमके और महिलाओं के साथ मारपीट, अभद्रता की। हंगामा होने पर थाना पुलिस के साथ महिला सिपाहियों को भी बुलवा लिया।

Share.

About Author

Leave A Reply