Thursday, March 26

मेरठ में तीन एलपीजी गैस एजेंसी मालिकों पर एफआईआर, गैस की किल्लत दिखाकर अनैतिक गतिविधि में थे संलिप्त

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 26 मार्च (प्र)। मेरठ में तीन एलपीजी गैस एजेंसी संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है। जिला आपूर्ति विभाग को इन एजेंसियों के खिलाफ शिकायत मिली थी। जिला आपूर्ति अधिकारी विनय कुमार सिंह ने छापा मारा तो आरोप सही पाए गए। डीएम को रिपोर्ट भेजी गई, जिनके आदेश पर मुकदमा दर्ज करा दिया गया। जिला पूर्ति अधिकारी का कहना है कि कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
मेरठ में एलपीजी गैस की किल्लत का शोर है। इसका कुछ एजेंसी संचालक लाभ उठाते हुए अनैतिक गतिविधियों में शामिल हो रहे थे। जिला आपूर्ति अधिकारी विनय कुमार सिंह के पास कुछ एजेंसियों से जुड़ी शिकायत पहुंची।

उन्होंने टीम का गठन किया और एजेंसियों पर छापे की कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए। टीम ने शहर की दो और देहात की एक गैस एजेंसी पर छापा मारकर मनमानी पकड़ ली।

एजेंसी नंबर 1 – छापे की पहली कार्रवाई किठौर के ललियाना स्थित आलम इण्डेन ग्रामीण वितरक एजेंसी पर हुई। टीम को सूचना मिली थी कि यहां के सिलेंडर दिल्ली बेचे गए हैं। टीम ने जांच की जिसमें 48 भरे हुए गैस सिलेंडर कम मिले। मैनेजर मुजीबुर रहमान से जब रिकॉर्ड मांगा गया तो वह दिखाने में असमर्थ रहे।

एजेंसी नंबर 2 – छापे की दूसरी कार्रवाई टीपी नगर क्षेत्र अंतर्गत स्थित आभा गैस एजेंसी पर हुई। इस एजेंसी के प्रबंधक अभिषेक हैं। डीएसओ को शिकायत मिली थी की यह एजेंसी उपभोक्ताओं से 910 रुपए के स्थान पर 1185 रुपए वसूल रही है।

छापे के दौरान शिकायत सही पाई गई। खास बात यह थी कि यहां भी एजेंसी संचालक के पास सेल-परचेस का कोई रिकॉर्ड नहीं था।

एजेंसी नंबर 3 – जिला पूर्ति कार्यालय की टीम ने छापे की तीसरी कार्रवाई कंकरखेड़ा क्षेत्र अंतर्गत स्थित सद्भाव गैस एजेंसी पर की। यहां शिकायत मिली थी की होकर सिलेंडर की डिलीवरी के लिए घर जा रहे थे लेकिन ओटीपी लेने के बाद डिलीवरी नहीं दे रहे थे।

उस सिलेंडर की डिलीवरी ब्लैक में कहीं और की जा रही थी। लगभग 70 पर्ची ऐसी विभाग की टीम द्वारा पकड़ी गई थी। संचालिका प्रज्ञा पवार के खिलाफ एफआईआर की गई है।

कंकरखेड़ा में पूर्ति निरीक्षक विशेष कुमार ने एजेंसी संचालिका प्रज्ञा पंवार व हॉकर अकरम शाह, टीपीनगर में पूर्ति निरीक्षक जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने एजेंसी प्रबंधक अभिषेक के खिलाफ और किठौर के ललियाना में पूर्ति निरीक्षक अजय कुमार ने मैसर्स आलम इंडेन ग्रामीण वितरक एजेंसी के संचालक और एजेंसी के मैनेजर मुजीब-उर-रहमान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।

विभागीय अफसरों की मानें तो तीनों गैस एजेंसियों के विरूद्ध रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। यह रिपोर्ट ऑयल कंपनियों को भेजी जाएगी। ऑयल कंपनियों के द्वारा ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। दावा किया जा रहा है कि इन एजेंसियों से गैस वितरण रोका जा सकता है। जांच पूरी होने तक उपभोक्ताओं को किसी अन्य एजेंसी से अस्थाई रूप से जोड़ा जा सकता है।

जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार सिंह ने कहा कि जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई किल्लत नहीं है। कुछ लोग अफवाह फैलाकर लाभ उठाने का प्रयास कर रहे हैं। अगर किसी उपभोक्ता को कहीं कोई शिकायत मिलती है तो वह कंट्रोल रूप के नंबर 0121-2665277 पर सीधे शिकायत करें। तत्काल संज्ञान लिया जाएगा।

Share.

About Author

Leave A Reply