मेरठ 26 मार्च (प्र)। महानगर से जुड़ी अधिकांश सड़कें नेशनल हाइवे में तब्दील हो गई हैं और सफर बेहद आसान हो गया है। शेष बची इक्का-दुक्का सड़कों की भी कायाकल्प होने जा रही है। इसी कड़ी में जेल चुंगी से किला रोड को लिया गया है जो फोरलेन होगी और चौड़ाई 14 मीटर की जाएगी। रोड पर दो जगह नये पुल बनेंगी। कुल मिलाकर 108 करोड़ रुपये खर्च आएगा। प्रस्ताव तैयार किया गया है।
शहर का परीक्षितगढ़ रोड विकास से अधूरा रहा लेकिन अब इसके भी दिन फिरने जा रहे है। वजह इस मार्ग पर बढ़ते विकास कार्य, स्कूल, इंस्टीटयूट और कालोनियों की स्थापना है। इस मार्ग का भी अब चौड़ीकरण किया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग इस योजना पर कार्य कर रहा है। इस मार्ग को जेल चुंगी चौराहे से भावनपुर तक रिंग रोड के कलेक्टर तक लिया गया है। इसकी लंबाई 7.30 किमी है। वर्तमान में इस सड़क की चौड़ाई में सात से दस मीटर तक है। इसे बढ़ाकर 14 मीटर तक करते हुए सड़क के बीच में डिवाइडर बनाया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड ने इसका प्रस्ताव बनाकर भेजा है। इस सड़क पर दो पुल भी समायोजित किए गए हैं। पहला पुल बीएनजी इंटरनेशनल स्कूल के पास और दूसरा गेम सिटी एरिना के पास काली नदी वाला है। इस कार्ययोजना की लागत लगभग 108 करोड़ है। इस लागत में भूमि अधिग्रहण, यूटिलिटी शिफ्टिंग बिजली के पोल व सिविल वर्क शामिल है।
दौराला – मसूरी मार्ग का होगा चौड़ीकरण
लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड) ने दौराला मसूरी मार्ग की उपयोगिता को देखते हुए इसका चौड़ीकरण व सुदृढीकरण प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया था, जिसे स्वीकृति मिल गई है। इस कार्य योजना में एनएच-58 से लावड़ तक सड़क को दोनों तरफ 1.50 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा। इसकी लंबाई लगभग आठ किमी. है। शासन ने इसके लिए 17.46 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। इस निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर फाइनल होते ही कार्य शुरू कराया जाएगा।
