मेरठ, 26 मार्च (दैनिक केसर खुशबू टाईम्स)। पुलिस महकमे में एक बार फिर सख्ती का डंडा चला है। कानून-व्यवस्था को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए एसएसपी ने लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की है। इस कदम से साफ संकेत दिया गया है कि ड्यूटी में ढिलाई अब किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
एसएसपी अविनाश पांडे ने पुलिस कार्यप्रणाली में अनुशासन बनाए रखने और अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। जांच में इन कर्मियों के खिलाफ घोर लापरवाही, उच्चाधिकारियों के आदेशों की अनदेखी और क्षेत्र में अपराध नियंत्रण में विफलता के आरोप सही पाए गए। निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में मवाना थाना के आरक्षी मोहित कुमार, उप निरीक्षक संजय कुमार और मुख्य आरक्षी राजीव कुमार शामिल हैं। वहीं, मेडिकल थाने से मुख्य आरक्षी साजिद हुसैन और उप निरीक्षक रविन्द्र सिंह परिहार पर भी कार्रवाई हुई है। इसके अलावा, उप निरीक्षक पुनीत कुशवाहा को भी निलंबित किया गया है। एसएसपी का कहना है कि विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही अन्य कर्मियों को भी स्पष्ट संदेश दिया गया है कि ड्यूटी में लापरवाही पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
एसएसपी ने लापरवाही बरतने वाले छह पुलिसकर्मी किये सस्पेंड
Share.
