मेरठ 28 मार्च (प्र)। एक ओर तो जनता घरेलू सिलेंडर के लिए घंटो परेशान हो रही है। वहीं दूसरी ओर शहर के होटलों और रेस्टोरेंट में धडल्ले से घरेलू गैस सिलेंडरों को व्यावसायिक उपयोग हो रहा है। पूर्ति निरीक्षक अंकुश कुमार ने इस संबंध में थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें कहा गया है कि 25 मार्च को व्हाट्सऐप पर एक वीडियो में हापुड़ रोड के सईद चिकन कॉर्नर में घरेलू गैस सिलेंडर उपयोग होने की वीडियो प्रसारित हुई थी।
इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए आपूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने हाजी सईद चिकन कार्नर पर छापा मारा। यहां मौके पर भट्टियों में आठ घरेलू सिलेंडर का उपयोग किया जा रहा था। इनमें 3 घरेलू गैस सिलेंडर भारत गैस कंपनी, 4 एचपी कंपनी और एक सिलेंडर इंडेन गैस कंपनी का था। सभी सिलेंडरों में 5 से 10 किलोग्राम गैस भरी हुई थी। मौके से दुकान स्वामी यासीन ने स्वीकार किया कि वह घरेलू गैस का उपयोग दुकान पर कर रहे थे। यह सिलेंडर पुरुषोत्तम गैस एजेंसी प्रह्लाद नगर के प्रतिनिधि नवेद को इस निर्देश के साथ दिये गये कि वह घरेलू गैस सिलेंडरों को यथावत सुरक्षित रखेंगे तथा मांगे जाने पर सक्षम न्यायालय में पेश करेंगे। इसके साथ ही हापुड़ रोड पर क्लासिक टी स्टॉल प छापामारी की गयी। मौके पर इस टी शॉप पर दो घरेलू गैस सिलेंडर इस्तेमाल होते पाये गये। यह घरेलू गैस सिलेंडर भारत गैस कंपनी के थे। एक सिलेंडर में दस किलोग्रम गैस थी, जबकि दूसरा खाली था।
मौके पर मौजूद मौहम्मद जावेद ने बताया कि वह घरेलू गैस अपनी दुकान पर इस्तेमाल कर रहे थे। यह सिलेंडर भी पुरुषोत्तम गैस सर्विस के प्रतिनिधि नवेद की सुपुर्दगी में दिये गये। इसके अलावा आपूर्ति विभाग व पुलिस की संयुक्त टीम ने हापुड़ रोड पर एसके चिकन कॉर्नर पर छापामारी की। इस दुकान की भट्टी में घरेलू सिलेंडर इस्तेमाल किया जा रहा था। यह सिलेंडर भारत गैस कंपनी का था। मौके पर मौजूद जावेद ने बताया कि यह प्रतिष्ठान उनका ही है तथा उसने भी स्वीकार किया कि वह अपने प्रतिष्ठान पर घरेलू सिलेंडर प्रयोग कर रहा था। यह सिलेंडर भी जब्त कर पुरुषोत्तम गैस एजेंसी के प्रतिनिधि नवेद की सुपुर्दगी में दिया गया।
