Saturday, March 28

हस्तिनापुर थीम रोड, घंटाघर हेरिटेज समेत दो सड़कों के चौड़ीकरण की डीपीआर मंजूर

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 28 मार्च (प्र)। पौराणिक स्थल हस्तिनापुर हो या शहर का घंटाघर, इन्हें चमकाने का काम दो-तीन महीने बाद शुरू हो जाएगा। साकेत चौराहे से हस्तिनापुर तक की सड़क को थीम रोड के रूप में जबकि घंटाघर व आसपास की सड़कों को हेरिटेज क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाना है। इन दोनों कार्यों व सड़कों के चौड़ीकरण की डीपीआर पर शुक्रवार को मुहर लग गई है। इन कार्यों के लिए प्रथम किस्त के रूप में सोमवार तक 200 करोड़ रुपये या उससे अधिक धनराशि जारी होने की उम्मीद है।

ढांचागत विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री की पहल पर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट प्लान बनाया गया है। इसी क्रम में मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) के 750 करोड़ रुपये की लागत वाले 10 कार्यों को पिछले साल ही स्वीकृति मिल गई थी। 11 फरवरी को प्रदेश सरकार के बजट में अवस्थापना निधि के अंतर्गत मेरठ, मथुरा व कानपुर विकास प्राधिकरण को धनराशि देने की भी घोषणा हुई थी। उन्हीं 10 कार्यों से संबंधित डीपीआर मेडा ने भेजी थी। उसकी कमियां दुरुस्त करा स्वीकृति की प्रक्रिया तक पहुंचाने के लिए मेडा ने दो सप्ताह से अपने इंजीनियर को लखनऊ में तैनात कर रखा है। तीन दिन से मेडा के सचिव आनंद सिंह भी डेरा डाले हैं। उपाध्यक्ष संजय कुमार मीना शुक्रवार को लौटे हैं।

घंटाघर पर प्रतिमाएं लगेंगी, फुटपाथ पर बेंच
घंटाघर के आसपास अतिक्रमण हटाकर उसे लाइटों से सजाया जाएगा। नगर निगम, छतरी पीर, वैली बाजार व रेलवे रोड चौराहे को जाने वाली सड़क को नए सिरे से संवारा जाएगा। फुटपाथ बनाकर बेंच लगाई जाएंगी। एसपी सिटी आफिस के सामने प्रतिमाएं स्थापित होंगी। इन सभी सड़कों पर आकर्षक स्ट्रीट लाइट लगेंगी। इन कार्यों पर लगभग 90 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

हस्तिनापुर तक दिखेंगे महाभारत व जैन धर्म के प्रतीक चिह्न
हस्तिनापुर जाने वाली सड़क को थीम रोड के रूप में विकसित करने के लिए 103 करोड़ रुपये की डीपीआर को स्वीकृति मिली है। साकेत चौराहे से हस्तिनापुर तक रोड के दोनों तरफ महाभारत काल व जैन धर्म से संबंधित प्रतिमाएं स्थापित होंगी। महाभारत से जुड़े विभिन्न घटनाक्रमों को दर्शाने वाली दीवारें बनेंगी। शहर में हस्तिनापुर के महत्व को बताने व पर्यटकों की सहायता करने वाले बोर्ड लगाए जाएंगे।

तीन पुलिया के चौड़ीकरण को मिले 5.50 करोड़ रुपये
जाम की समस्या को देखते हुएईस्टर्न कचहरी रोड व लोकप्रिय हास्पिटल के पास पुलिया का चौड़ीकरण किया जाना है। इसके लिए टेंडर हो चुका है। संबंधित कार्यदायी संस्था की ओर से विद्युत केवल हटाने का काम किया जा रहा है। वहीं मवाना रोड पर कसेरूखेड़ा पुलिया का चौड़ी करण हो चुका है। इन तीनों पुलिया की डीपीआर भी इन्हीं 10 कामों में शामिल की गई थीं। इसके लिए शासन ने 5.50 करोड़ रुपये जारी किए हैं।

गढ़ रोड व किला रोड का होगा चौड़ीकरण
103 करोड़ रुपये की लागत से गढ़ रोड का तेजगढ़ी चौराहे से मुरलीपुर फूल तक चौड़ीकरण किया जाएगा। इसके अलावा किला रोड का चौड़ीकरण जेलचुंगी से भावनपुर तक होगा। इस पर लगभग 102 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इन दोनों सड़कों के चौड़ीकरण से जाम की समस्या कम होगी।

इन डीपीआर को आज मिल सकती है स्वीकृति
सूरजकुंड बाजार व पार्क का जीर्णोद्वार एवं विकास कार्य: 30 करोड़ रुपये
कमिश्नरी चौराहा पार्क का जीर्णोद्वार एवं विकास कार्य: 2 करोड़
शहर में विभिन्न स्थानों पर 25 यात्री शेल्टर कार्य : 5 करोड़
शताब्दीनगर एसटीपी से मोहकमपुर औद्योगिक क्षेत्र तक शोधित जल का फिर से उपयोग करने के लिए पाइप लाइन विछाना 8.50 करोड़
मशहर के लगभग 55 चौराहों का विस्तार व विभिन्न कार्य : 200

मेरठ विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष संजय कुमार मीना का कहना है कि 10 कार्यों की डीपीआर पर शासन में मंथन हो रहा है। हस्तिनापुर थीम रोड, घंटाघर हेरिटेज क्षेत्र व दो सड़कों के चौड़ीकरण की डीपीआर मंजूर हो चुकी है। वित्तीय वर्ष के समापन पर प्रथम किस्त के रूप में 200 करोड़ रुपये से अधिक मिलने की उम्मीद है। तीन पुलिया के चौड़ीकरण के लिए 5.50 करोड़ जारी हो चुके हैं। ,

Share.

About Author

Leave A Reply