मेरठ, ०४ अप्रैल (प्र)। ऐतिहासिक मेला नौचंदी इस बार मई महीने के प्रथम सप्ताह में शुरू हो जाएगा। बुलंदशहर की नुमाईश और अन्य स्थानों से दुकानें यहां पहुंचेंगी। इस बार मेले की खास बात यह होगी कि मेले के द्वार से मेले तक ले जाने के लिए गोल्फ कार्ट उपलब्ध कराई जाएंगी। जो कि बच्चों और बुजुर्गों के लिए निश्शुल्क होंगी। सामान्य लोगों से ये मात्र दस रुपया किराया लेंगी। मेले में इस बार बड़े झूले नहीं लगेंगे। सुरक्षा की द्रष्टी से यह निर्णय लिया गया है। मेले में झूले, बिजली, तहबाजारी, पार्किंग समेत सभी टेंडर ए श्रेणी के ठेकेदारों को दिए जाएंगे।
जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी और अपर मुख्य अधिकारी विंध्यांचल सिंह कुशवाहा ने शुक्रवार को जिला पंचायत कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान मेले के आयोजन के संबंध में जानकारियां दीं। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि मेला नौचंदी में पूर्व समय में दूर दूर के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग आते थे।
इस बार ग्रामीणों को मेले में आमंत्रित किया जाएगा। गांवों में प्रचार प्रसार किया जाएगा। प्रमुख लोगों को निमंत्रण भेजा जाएगा। ग्रामीणों के लिए पटेल मंडप में लोकगीत और रागिनी के कार्यक्रम भी आयोजित कराए जाएंगे। कृषि प्रदर्शनी में मेले में लगेगी।
उन्होंने बताया कि अन्य स्थानों पर झूलों से हो रही दुर्घटनाओं के मद्देनजर मेला नौचंदी में बड़े झूलों पर प्रतिबंध लगाया गया है। केवल छोटे झूले ही इस बार लगेंगे। इन्हें लगाने के लिए भी ए श्रेणी के ठेकेदारों को जिम्मेदारी दी जाएगी। जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि मेला परिसर में स्थापित महापुरुषों की सभी प्रतिमाएं और अशोक स्तंभ को बदलकर नया लगाया जाएगा। मेला प्लास्टिक मुक्त होगा तथा दुकानदारों को एलपीजी गैस की कमी नहीं होने दी जाएगी।
मेले में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए 20 दुकानों महिलाओं को निश्शुल्क आवंटित की जाएंगी। पटेल मंडप के कार्यक्रमों में भी महिलाओं की सहभागिता रहेगी। बच्चों और बुजुर्गों को मेले में बुलाने के लिए मेला नौचंदी के प्रवेश द्वार से मेले तक ले जाने के लिए इस बार ई रिक्शा को प्रतिबंधित करके गोल्फ कार्ट उपलब्ध कराए जाएंगे। ये बच्चों और बुजुर्गों को निश्शुल्क ले जाएंगे। अन्य लोगों से भी मात्र दस रुपये किराया लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार मेले में व्यापारियों को रात भर बिजली मिलेगी ठेकेदार की मनमानी नहीं चलने दी जाएगी। मेले की नोडल अधिकारी सीडीओ नूपुर गोयल तथा जिला पंचायत के एएमए ने मेला नौचंदी के लिए बिजली आपूर्ति, झूला, पार्किंग, सर्कस प्लाट, तहबाजारी, होर्डिंग और लाउडस्पीकर के लिए टेंडर मांगे हैं। टेंडर 16 अप्रैल को खोले जाएंगे। इन कार्यों के लिए ए श्रेणी के टेंडर बुलाए गए हैं।
