मेरठ 09 अप्रैल (प्र)। एन-जेन (नेक्स्ट जेन) को ध्यान में रखते हुए विकसित किए गए डाकघर का शुभारंभ बुधवार को हो गया। दिल्ली से डाक विभाग के महानिदेशक (डाक सेवाएं) जितेंद्र गुप्ता ने फीता काटकर चौ. चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर स्थित उप डाकघर का शुभारंभ किया।
अतिथियों में चौ. चरण सिंह विश्वविद्यालय की कुलपति डा. संगीता शुक्ला, बरेली से पोस्टमास्टर जनरल अतुल कुमार श्रीवास्तव व लखनऊ से चीफ पोस्टमास्टर जनरल प्रणव कुमार उनके साथ मौजूद रहे। शुभारंभ करने के बाद मुख्य अतिथि महानिदेशक जितेंद्र गुप्ता ने कहा कि देश में सबसे पहला नेक्स्ट जेन पोस्ट आफिस आइआइटी दिल्ली के कैंपस में तैयार किया गया है।
इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए मेरठ के डाकघर को भी विकसित किया गया। युवा पीढ़ी को ध्यान में रखते हुए डाकघरों को सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। डाक विभाग अब केवल डाकिया तक सीमित नहीं है। यह आधुनिक और नई सेवाओं को प्रदान करने का केंद्र बन गया है।
डाकघर की पहचान अब सामान्य सेवा नहीं बल्कि, बहु-सेवाओं के लिए बन गई है। आधार सेवा केंद्र से लेकर निवेश, बचत खाते, सुकन्या समृद्धि योजना समेत कई प्रकार की सेवाएं दी जा रही हैं। डाकघर में फ्री वाइ-फाइ इंटरनेट एक्सिस, काफी, मैगजीन, चेस, सेल्फी जोन व अन्य सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि देश के महान भौतिक विज्ञानी सर सीवी रमन के नाम से डाक टिकट जारी की गई थी। डाक टिकट अपने आप में एक बड़ा इतिहास व विस्तृत जानकारी समेटे हुए होता है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इसी प्रकार और कुछ डाकघरों को भी नेक्स्ट जेन के अनुसार तैयार किया जाएगा। जिस पर कार्य चल रहा है।
इन डाकघरों को विकसित करने का उद्देश्य युवा वर्ग को डाक विभाग की सेवाओं से जोड़ना है। अतिथियों ने डाकघर का निरीक्षण करते हुए सभी सेवाओं व नवाचार की जानकारी ली। प्रवर अधीक्षक डाकघर जितेंद्र सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। डाक विभाग से आनंद शर्मा, एमएस वर्मा व अन्य मौजूद रहे।
विद्यार्थियों को किया सम्मानित
उप डाकघर की दीवारों पर मेरठ की सांस्कृतिक विरासत व ऐतिहासिक धरोहरों के सुंदर चित्र उकेरने के लिए मुख्य अतिथि महानिदेशक जितेंद्र गुप्ता ने चौ. चरण सिंह विश्वविद्यालय के ललित कला विभाग से अलका तिवारी के नेतृत्व में विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इसमें मनीष कुमार, सार्थक, अभिषेक यादव, सौम्या गर्ग व अन्य शामिल रहे।
