Friday, April 10

शहर में बिछेगा सड़कों का जाल, 240 करोड़ करोड़ रुपये किए स्वीकृत

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 10 अप्रैल (प्र)। शहर में सड़कों का जाल बिछेगा। इसके लिए सीएम ग्रिड योजना के तहत नगर निगम को 240 करोड़ रुपये मिले हैं। इस योजना के तहत बेगमपुल से कनेक्टिविटी बढ़ाने के साथ ही चार नई सड़कों के निर्माण की भी स्वीकृति मिली है। निगम पहले से ही आठ सड़कों पर काम कर रहा है। इस योजना से यातायात व्यवस्था सुधरेगी और विकास की गति भी तेज होगी।

गांधी आश्रम से तेजगढ़ी चौराहे तक नाला सड़क निर्माण हो रहा है विद्युत लाइन, टेलीकॉम, केबल सहित अन्य तारों का जाल अंडरग्राउंड कराया जा रहा है। निगम ने पहले चरण में शहर की आठ सड़कों का टेंडर किया और एक सड़क को छोड़कर सात जगह नाला सड़क पर निर्माण कार्य चालू करा दिया है। शास्त्रीनगर नई सड़क पर सेंट्रल मार्केट में कार्रवाई के चलते निगम ने निर्माण कार्य रोक दिया।

सीएम ग्रिड योजना की सड़कों का जाल बिछने लगा है, इससे यहां की सूरत बदलती नजर आ रही है। सीएम ग्रिड योजना की सड़कों की गुणवत्ता जांचने के लिए शासन स्तर से भी मॉनिटरिंग कराई जा रही है। इसको देखते निगम ने शहर की प्रमुख चार नई सड़कों का प्रस्ताव बनाया, जोकि शासन से पास हो गया है। इस प्रस्ताव में मेट्रो-रैपिड रेल के मुख्य केंद्र बेगमपुल पर कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए निगम ने फोकस किया है।

पहले और दूसरे चरण की प्रगति
पहले चरण में गांधी आश्रम चौराहे से तेजगढ़ी चौराहा तक सड़क चौड़ीकरण और उपयोगिता लाइनों के स्थानांतरण का कार्य प्रमुखता से शामिल है। इसकी कुल लागत 47.34 करोड़ रुपये निर्धारित है। गढ़ रोड से रंगोली मंडप होते हुए हापुड़ सड़क तक मार्ग का समेकित विकास भी शामिल है। कमिश्नरी चौराहा से बच्चा पार्क चौराहा और दिल्ली सड़क पर मेट्रो प्लाजा के पास आंबेडकर तिराहे से शारदा सड़क तक के मार्ग भी पहले चरण में विकसित हो रहे हैं। दूसरे चरण में ट्रांसपोर्टनगर में सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया गया है।

तीसरे चरण में चार नई सड़क स्वीकृत
तीसरे चरण में चार नई सड़कों को प्रस्ताव में शामिल किया गया है। इससे शहर का यातायात नेटवर्क और मजबूत होगा। इनमें बेगमपुल से डॉ. करौली मार्ग होते हुए बच्चा पार्क तक गांधी आश्रम से बच्चा पार्क, जेल चुंगी चौराहा से तेजगढ़ी चौराहा, कंकरखेड़ा फ्लाईओवर से बाईपास चौराहा तक सड़क का निर्माण भी तीसरे चरण की योजना में है। सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़कों के चौड़ीकरण से शहर की यातायात व्यवस्था सुगम होगी डिवाइडर निर्माण, फुटपाथ, ड्रेनेज और विद्युत लाइनों का व्यवस्थित स्थानांतरण किया जाएगा।

नगर आयुक्त सौरभ गंगवार का कहना है कि सीएम ग्रिड योजना में महानगर की 12 सड़कें स्वीकृत हैं। इससे शहर की सूरत बदलेगी। सात सड़कों पर निर्माण कार्य चल रहा। बरसात से पहले कई सड़कों का निर्माण पूरा हो जाएगा। उसके बाद ही हॉल में स्वीकृत हुई चार नई सड़क का टेंडर अपलोड कराया जाएगा।

Share.

About Author

Leave A Reply