शहर से लेकर देहात तक जगह जगह निकली शोभायात्राएं, प्रतिमाओं पर किया गया माल्यार्पण





मेरठ 14 अप्रैल (दैनिक केसर खुशबू टाइम्स)। भारत रत्न और भारत के संविधान निर्माता बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 13५वीं जयंती पर आज जनपद में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शहर में प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। शहर और देहात में जगह जगह शोभायात्राएं निकाली गई और कई स्थानों पर भी भंडारों का आयोजन किया गया। शहर में कालियागढ़ी, शेरगढ़ी आदि जगहों से शोभायात्राएं निकाली गई। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेई, पूर्व लोकसभा सांसद राजेंद्र अग्रवाल, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, भाजपा नेता कमलदत्त शर्मा, पूर्व विधायक योगेश वर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। कैंट विधायक अमित अग्रवाल, सरधना विधायक अतुल प्रधान, हस्तिनापुर विधायक दिनेश खटीक और मेरठ दक्षिण विधायक डॉ सोमेंद्र तोमर, भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तौगी, एमएलसी अश्विनी त्यागी ने भी श्रद्धांजलि दी। सामाजिक संस्थाओं ने शोभायात्रा और भंडारे का आयोजन किया। प्रशासनिक कार्यालयों में भी बाबासाहेब की जयंती मनाई गई। वक्ताओं ने बाबासाहेब को भारतीय संविधान का शिल्पकार बताया। वक्ताओं ने उनके जीवन से जुड़ी बातों को बताया और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
बता दें कि डॉ. अंबेडकर का जन्म 14 अप्रैल 1891 को महू, मध्य प्रदेश में हुआ था। वे एक प्रसिद्ध विधिवेत्ता, अर्थशास्त्री और समाज सुधारक थे। उन्होंने कोलंबिया विश्वविद्यालय और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से उच्च शिक्षा प्राप्त की। बाबासाहेब ने दलित अधिकारों के लिए संघर्ष किया और सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए कई आंदोलन चलाए। स्वतंत्र भारत के पहले कानून मंत्री के रूप में उन्होंने देश की सेवा की। उनके असाधारण योगदान के लिए उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया।
