Tuesday, April 28

जैन नगर में तीन ट्रांसफार्मर में लगी आग, पानी का भी हुआ संकट

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ, 28 अप्रैल (प्र)। गर्मी के तेवर बढ़ने के साथ बिजली फाल्ट भी परेशानी बढ़ाने लगे हैं। जैन नगर में गत दिवस तीन ट्रांसफार्मरों में आग लगने से एक हजार से अधिक घरों में 12 घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। कुछ जगहों पर सुबह 10.30 बजे तक आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था की गई लेकिन वोल्टेज के उतार-चढ़ाव और बार-बार कट की समस्या बनी रही। आपूर्ति शाम पांच बजे तक बहाल हो पाई। दो ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। उधर, बिजली कट के कारण लोगों को सुबह पानी नहीं मिल पाया। इन्वर्टर ठप हो गए। दोपहर में लोग पार्क और सड़कों पर टहलते नजर आए। वहीं देवपुरी का इलाका भी प्रभावित रहा। जैननगर में संत खूबचंद सत्संग भवन के पास तीन ट्रांसफार्मर पास-पास रखे हैं। यहां के निवासी पारस जैन ने कहा कि गत सुबह करीब चार बजे जोरदार धमाके के साथ ट्रांसफार्मर से आग की लपटें निकलने लगीं। उपकेंद्र पर सूचना देकर पूरे क्षेत्र की आपूर्ति बंद कराई फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने आधा घंटे में आग को काबू किया। 630 और 400 केवीए का ट्रांसफार्मर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। 400 केवीए के एक अन्य ट्रांसफार्मर की बुशिंग खराबी आ गई।
मौके पर पहुंचे सहायक अभियंता सूरज सिंह ने कहा कि तीनों ट्रांसफार्मर अंडरलोड थे। इसके बावजूद आग लगने का कारण जांचा जाएगा। तीनों ट्रांसफार्मरों से एक हजार से 1200 घरों में बिजली आपूर्ति की जाती है। सुनील जैन ने कहा कि उनकी गली में 10.30 बजे बिजली आई। लेकिन दोपहर में फिर चली गई। मोनू गांधी और नरेश प्रधान ने कहा कि उनके क्षेत्र में शाम पांच बजे आपूर्ति सुचारु हो पाई। बिजली के अभाव में पानी भी नहीं मिला। कुछ घरों में जनरेटर मंगाकर पेयजल की व्यवस्था की गई।
मुख्य अभियंता रजनीकांत मिश्रा ने कहा कि ट्रांसफार्मर के ऊपर करंट ट्रांसफार्मर लगा था। उसमें ब्लास्ट होने से तेल नीचे रखे ट्रांसफार्मरों पर गिर गया, जिससे आग लग गई। सीसीटीवी फुटेज भी देखी गई है। शाम चार बजे तक क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों को बदलकर आपूर्ति सुचारु कर दी गई। बीते रविवार सुबह बुढ़ाना गेट में डेढ़ घंटा, बागपत रोड और मेजर ध्यानचंद नगर में तीन-चार घंटे बिजली गुल रही। दशमेश नगर निवासी राजवीर सिंह ने कहा कि अत्यंत जरूरी होने पर ही शटडाउन लिया जाना चाहिए। फूलबाग कालोनी में भी घंटों बिजली कट के कारण लोग परेशान रहे।
डिफेंस कालोनी समेत कई इलाकों की बिजली रही गुल
गत दिवस रात नौ बजे तेज हवा के चलते कई इलाकों की बिजली उड़ गई। डिफेंस कालोनी, गंगानगर, रक्षापुरम समेत कई कालोनियां लगभग सवा घंटे तक अंधेरे में डूबी रही। अधिशासी अभियंता प्रशांत सोनी ने कहा कि इस क्षेत्र में 33 केवी की लाइन ट्रिप कर गई। लाइन में पेड़ की टहनी आदि फंसने से ट्रिपिंग आई। पूरी लाइन में कांबिंग कराने के बाद सप्लाई चालू की गई। ब्रह्मपुरी, शताब्दी नगर, घंटाघर में भी एक से डेढ़ का व्यवधान रहा। गत दिवस सुबह शास्त्रीनगर के कई सेक्टरों में वोल्टेज में उतार चढाव से लोगों के बिजली के उपकरण फुंक गए। अशोक अग्रवाल ने पानी की मोटर फुंकने की शिकायत की। बाद में करीब एक घंटा बाद आपूर्ति सामान्य हो गई।

Share.

About Author

Leave A Reply