Wednesday, November 12

सीतापुर में चौकी इंचार्ज की पिटाई से दुकानदार की मौत

Pinterest LinkedIn Tumblr +

सीतापुर 14 अगस्त। सीतापुर जिले के सिधौली कोतवाली क्षेत्र के भंडिया चौकी इंचार्ज मणिकांत श्रीवास्तव ने मंगलवार देर रात दुकान के बाहर सो रहे सत्यपाल यादव (26) की पिटाई कर दी। इलाज के दौरान सत्यपाल ने बुधवार सुबह दम तोड़ दिया। इससे नाराज परिजनों ने ग्रामीणों के साथ महमूदाबाद मार्ग जाम कर दिया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह जाम खुलवाया गया। पिता सोबरन की तहरीर पर चौकी इंचार्ज व उनके हमराही सिपाही पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया।
जसवंतपुर कटसरैंया के सत्यपाल यादव के परिवारजन की जाफरीपुर चौराहे पर दुकानें हैं। मंगलवार की रात सत्यपाल दुकान के बाहर सो रहे थे। सत्यपाल के भाई विशाल का आरोप है कि देर रात करीब ढाई बजे सिधौली कोतवाली पुलिस के दारोगा मणिकांत हमराही के साथ गश्त कर रहे थे।

उन्होंने उनके भाई सत्यपाल को पीट दिया। इसकी जानकारी गांव के मुन्नी लाल ने दी। मौके पर जाकर देखा तो सत्यपाल की हालत बहुत खराब थी। रात करीब साढ़े तीन सत्यपाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही सत्यपाल की मौत हो गई।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधिकारी डा. सैफ अली ने बताया कि सत्यपाल शराब के नशे में था। उसके शरीर पर चोट के निशान नहीं दिख रहे थे। उसकी नब्ज रुक रुककर चल रही थी।
सत्यपाल यादव अविवाहित था, उसके दो अन्य भाई भी हैं। सत्यपाल ही परचून की दुकान संभालता था। अन्य दो भाई पिता सोबरन संग खेती करते हैं, परिवार के पास 16 बीघे खेती भी है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी सिधौली, कपूर कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होगी। आरोपी दरोगा व उसके हमराही पर केस दर्ज कर लिया गया है। किन परिस्थितियों में घटना हुई, इसकी भी जांच की जाएगी। मृतक का पोस्टमार्टम करवा लिया गया है। बिसरा सुरक्षित रखा गया है। जांच जारी है।

Share.

About Author

Leave A Reply