Saturday, July 27

शादी का झांसा देकर सिपाही ने सिंचाई विभाग की अधिकारी से किया दुष्कर्म

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 07 मार्च (प्र)। महाराष्ट्र के जनपद अमरावती के थाना नानगावपिट निवासी महिला के साथ मेरठ में तैनात सिपाही ने सात बड़े शहरों के होटलों में दुष्कर्म किया। महिला अमरावती में सिंचाई विभाग में अधिकारी है। चार साल पहले वाट्सएप के जरिए सिपाही के संपर्क में आई थी। उसके बाद सिपाही ने शादी का झांसा देकर संबंध बनाए। महिला ने शादी को कहा तो आरोपित ने उसकी अश्लील वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दी। महाराष्ट्र के अधिकारियों ने डीजीपी प्रशांत कुमार से संपर्क किया। इसके बाद सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।

पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2020 में उसका संपर्क मेरठ पुलिस लाइन में तैनात सिपाही देव कुमार राघव उर्फ देवकरण से हुआ था। देव गांव सलगवा, थाना जहांगीराबाद, बुलंदशहर का रहने वाला है। महिला का आरोप है कि सिपाही ने औरंगाबाद, दिल्ली, नागपुर, मुंबई, नैनीताल, मनाली तथा मेरठ के होटल में जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। अपने घर ले जाकर बंधक बनाकर संबंध बनाए। साथ ही उसके खाते से 15 लाख की रकम आनलाइन ट्रांसफर कर ली। महिला ने शादी करने की बात रखी तो उसने धमकी दी। महिला ने पूरे प्रकरण को अपने उच्च अधिकारियों को बताया।

उसके बाद महाराष्ट्र के अधिकारियों ने यूपी के डीजीपी को पूरे मामले से अवगत कराया। डीजीपी ने एसएसपी मेरठ को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण के आदेश पर महिला की तरफ से दिए गए साक्ष्यों को आधार बनाते हुए आरोपित सिपाही के खिलाफ दुष्कर्म, कुकर्म, जान से मारने की धमकी और रकम हड़पने से लेकर एससी-एसटी एक्ट में थाना सिविल लाइंस में मुकदमा दर्ज किया गया। बुधवार दोपहर सीओ अभिषेक तिवारी ने सिपाही को पुलिस लाइन से गिरफ्तार कर लिया। उसके बाद मेडिकल कराकर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया।

आरोपित सिपाही निलंबित
एसएसपी ने बताया कि सिपाही देवकरण के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निलंबन की कार्रवाई की गई है। साथ ही विवेचना सीओ सिविल लाइंस को दी गई है। सिपाही ने होटलों में ले जाते समय रजिस्टर में महिला को अपनी पत्नी दर्शाया है, होटलों का रिकार्ड भी एकत्र किया जा रहा है।

Share.

About Author

Leave A Reply