Saturday, July 27

पार्षद मारपीट कांड में भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ, 03 जनवरी (प्र)। 30 दिसंबर को नगर निगम बोर्ड बैठक के दौरान हुए मारपीट कांड के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा की महिलाओं ने डीएम कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। आज भाजपा नेताओं के साथ महिला मोर्चा की महिलाएं कलेक्ट्रेट पहुंची। महिलाओं ने पुलिस, प्रशासन पर महिलाओं की सुनवाई न करने का आरोप लगाया। महिलाओं ने कहा कि बोर्ड बैठक में विपक्षी पार्षदों ने महिला पार्षद से बदत्तमीजी की है। इसके बावजूद पुलिस, प्रशासन दोषियों पर चुप्पी साधे है। कोई एक्शन नहीं हो रहा। प्रदर्शन के बीच ही महिला पार्षद फूट फूटकर रोने लगी। अपनी ही सरकार में महिलाओं ने महिलाओं की सुनवाई न होने का आरोप लगाया। भाजपा महिला मोर्चा की महिलाएं नारी के सम्मान में भाजपा मैदान में का नारा लगाते हुए पैदल कलेक्ट्रेट पहुंची। हाथों में जाति सूचक शब्द नहीं सहेंगे। जाति सूचक शब्दों से नहीं सहेंगे अपमान की तख्तियां लेकर महिलाओं ने महिला सम्मान का नारा लगाया। यहां डीएम दीपक मीणा को ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने कहा कि बसपा, सपा के जो आरोपी पार्षद हैं, जिन्होंने सदन में भाजपा की पार्षद रेखा से अभद्रता की उन पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए।

नगर निगम प्रकरण में लगातार चार दिन तक महानगर पदाधिकारी पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगाते रहे, लेकिन विपक्षी पार्षदों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। भाजपा नेताओं का आरोप है कि बोर्ड बैठक में विपक्षी पार्षदों ने महिला पार्षदों के साथ अभद्रता की है। बता दें कि पहले सदन फिर सड़क पर भाजपा, बसपा और सपा के पार्षदों, भाजपा मंत्री, विधायक के बीच दलित पार्षदों से हुई मारपीट के मामले को अब भाजपा नारी सम्मान से जोड़कर आगे बढ़ा रही है। भाजपा पूरे मामले को महिला पार्षद के अपमान से जोड़कर प्रदर्शन कर रही है। महिला मोर्चा ने मांग रखी कि पार्षद पवन चौधरी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर महिला पार्षदों पर अभद्र टिप्पणी करने वाले पार्षदों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। मोर्चा की महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वह सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगी। इस दौरान एमएलसी डा. सरोजनी अग्रवाल, पूजा बंसल, महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष गीता शर्मा, पार्षद रेखा सिंह, बबीता खन्ना, सुनीता प्रजापति, रेशमा सोनकर, अनीता विधार्थी, विमला देवी, मीनाक्षी भराला, दीपिका शर्मा, कविता राही आदि बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रही।

Share.

About Author

Leave A Reply