मेरठ 16 अक्टूबर (प्र)। वैदिक पंचांग के अनुसार कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष में मनाया जाने वाला दीपोत्सव का पंचदिवसीय पर्व इस बार 18 से 23 अक्टूबर तक रहेगा। हालांकि इस वर्ष दीपावली और गोवर्धन पूजा की तिथि को लेकर लोगों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है, जिसे मेरठ के ज्योतिषाचार्यों ने दूर कर दिया है। उनका कहना है कि इस वर्ष मुख्य दीपावली यानी महालक्ष्मी पूजा 20 अक्तूबर सोमवार को ही होगी, क्योंकि इस दिन अमावस्या प्रदोष और निशीथ काल में व्याप्त रहेगी।
ज्योतिषाचार्य विभोर इंदूसुत के अनुसार दीपावली के पंचदिवसीय पर्व में इस बार एक रिक्त दिन भी उपस्थित रहेगा। यही कारण है कि कई लोग 20 या 21 अक्तूबर को लेकर असमंजस में हैं। उन्होंने बताया कि शास्त्रानुसार बड़ी दीपावली उसी दिन होती है, जब अमावस्या तिथि प्रदोषकाल और रात्रिकाल दोनों में हो। इस बार अमावस्या 20 अक्तूबर को दोपहर 3:44 बजे शुरू होकर 21 अक्टूबर को शाम 5:54 बजे तक रहेगी। प्रदोषकाल और रात्रिकाल दोनों में अमावस्या 20 को ही रहेगी, अतः महालक्ष्मी पूजा का श्रेष्ठ मुहूर्त इसी दिन है। इसके अलावा मुख्य रूप से प्रदोषकाल और रात्रिकाल में अमावस्या केवल 20 को ही रहेगी, इसलिए बड़ी दीपावली (महालक्ष्मी पूजा) 20 को करना ही श्रेष्ठ है। 21 अक्तूबर को देखें तो दिनभर तो अमावस्या रहेगी लेकिन संध्याकाल में अमावस्या समाप्त हो जाएगी। सूर्यास्त के बाद प्रदोषकाल में केवल लगभग 12 मिनट के लिए ही अमावस्या रहेगी और रात्रिकाल में तो अमावस्या है ही नहीं। बिना अमावस्या के बड़ी दीपावली पूजन श्रेष्ठ नहीं माना जाता।
शुभ योग भी 20 अक्तूबर को है
ज्योतिषाचार्य रुचि कपूर के अनुसार दीपावली रात्रि का पर्व है और जब अमावस्या तिथि प्रदोष व निशीथ काल में हो तभी लक्ष्मी पूजन सर्वश्रेष्ठ माना जाता है। इस वर्ष ऐसा शुभ योग 20 अक्तूबर को ही बन रहा है। दीपावली को प्रदोष काल और स्थिर लग्न का शुभ संयोग भी है, जोकि माता लक्ष्मी की कृपा प्राप्त करने के लिए बहुत उत्तम माना जाता है।
दिवाली का त्योहार इस साल 20 अक्टूबर 2025 को मनाया जाएगा। दिवाली लक्ष्मी पूजन का प्रदोष काल मुहूर्त शाम 07:08 से 08:18 बजे तक रहेगा और निशिता काल मुहूर्त रात 11:41 से देर रात 12:31 बजे तक रहेगा। अमावस्या तिथि 20 अक्टूबर 2025 की दोपहर 03:44 से 21 अक्टूबर 2025 की शाम 05:54 तक रहेगी।
धनतेरस 18 अक्टूबर 2025, शनिवार
छोटी दिवाली 19 अक्टूबर 2025, रविवार
बड़ी दिवाली 20 अक्टूबर 2025, सोमवार
गोवर्धन पूजा 22 अक्टूबर 2025, बुधवार
भाईदूज 23 अक्टूबर 2025, गुरुवार
दिवाली के दिन इन चीजों का दिखना शुभ
दीपापली के दिन उल्लू, छिपकली, छछूंदर, गाय और काली चींटी का दिखना बेहद शुभ माना जाता है। इन चीजों के दिखने से आपको सौभाग्य की प्राप्ति होती है।
