Saturday, July 27

फरवरी में पूरे माह दुरुस्त होंगे विद्युत तार

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 29 जनवरी (प्र)। पीवीवीएनएल की ओर से 1 से 29 फरवरी तक अनुरक्षण माह मनाया जाएगा। इस दौरान शहर में लगभग 255 स्थानों पर कार्य कराए जाएंगे जर्जर तारों को बदला जाएगा और अर्थिग व अन्य मरम्मत कार्य कराए जाएंगे। इस दौरान बिजली कटौती होगी। मुख्य अभियंता, अधिशासी अभियंता और उपखंड अधिकारियों को बिजलीघरों पर नजर रखनी होंगी। मुख्य अभियंता शहर के 20 प्रतिशत बिजलीघरों पर जाकर कार्यों की रिपोर्ट मुख्यालय भेजेंगे।
अक्तूबर 2023 में पीवीवीएनएल की ओर से क्षेत्र में अभियान चलाकर मरम्मत कार्य किए गए थे जो कार्य उस दौरान छूट गए थे अब उन कार्यों को फरवरी में पूरा कराया जाएगा।

इस दौरान शहर के सभी 52 बिजलीघरों और वाडों में सफाई अभियान चलाया जाएगा। जहां अधिक समस्या बनी है जैसे घंटाघर, सराफा बाजार, जयभीम नगर, जाकिर कालोनी माधवपुरम, दिल्ली रोड, मोहकमपुर आदि क्षेत्रों में पुराने तारों को बदला जाएगा। शहर में 255 स्थानों को चिह्नित किया गया है, इन स्थानों पर पुराने तार क्षमता वृद्धि, फीडर बदलने आदि कार्य कराए जाएंगे। इसके अलावा रीवेम्प के कार्यों को भी तेजी से कराया जाएगा। इससे उपभोक्ताओं को गर्मियों में निर्वाध विद्युत आपूर्ति हो पाएगी।
रीवेम्प से शहर में लगभग 269 करोड़ के कार्य भी किए जाने हैं। इनमें जर्जर पोल को बदले जाने, पुराने तारों को बदले जाने का कार्य किया जा रहा है। अधीक्षण अभियंता शहर राजेंद्र बहादुर ने बताया अनुरक्षण माह को लेकर पूरी कार्य योजना तैयार कर ली गई है।

Share.

About Author

Leave A Reply