Saturday, July 27

हाईटेंशन लाइन में फाल्ट, घरों में करंट से बच्चे सहित कई झुलसे

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 12 नवंबर (प्र)। परतापुर थाना क्षेत्र के रिझानी गांव में गत दोपहर मकानों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन में तेज धमाके के साथ फाल्ट हो गया। इससे कई घरों में कॅरट दौड़ गया और बच्चों समेत कई झुलस गए। जिस जगह फाल्ट हुआ वहां जमीन में करीब ढाई फीट गहरा गड्ढा हो गया। कई घरों के विद्युत उपकरण भी फुंक गए। एक महिला भी झुलस गई दो बच्चों की हालत नाजुक है।

रिझानी गांव में शैलेंद्र भट्ट के मकान में झारखंड निवासी हीरामणि परिवार के साथ किराए पर रहता है। वह परतापुर स्थित एक फैक्टरी में मजदूरी करता है। गत दोपहर शैलेंद्र भट्ट के मकान के ऊपर से जा रही हाईटेंशन लाइन में अचानक फाल्ट हो गया। शैलेंद्र के मकान समेत अन्य के मकानों में भी करंट दौड़ गया। जिससे घर में रखे विद्युत उपकरण तेज धमाके के साथ फट गए और कुछ उपकरणों में आग लग गई। मकानों में दौड़े करंट की चपेट में आने से 10 वर्षीय सोलेंद्र पुत्र हीरामणि उसकी बहन तीन वर्षीय अनुराधा, मां देवेंद्री झुलस गए। इसके अलावा पड़ोस में रहने वाले महावीर की 6 माह की पुत्री मिष्ठी अरविंद पुत्र छुटका और विशाल पुत्र रामकुमार भी झुलस गए। सभी लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों का कहना है कि सोलेंद्र 75 प्रतिशत तक झुलस गया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। विशाल की भी हालत गंभीर है। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और एंबुलेंस बुलाकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। चौकी इंचार्ज मोहित सक्सेना ने बताया कि छत पर झंडे के लिए लगे लोहे के पाइप से लाइन टकराने से हादसा होना बताया जा रहा है। एसडीओ उद्योगपुरम ने बताया कि हाईटेंशन लाइन में फाल्ट होने की सूचना मिली थी। यह लाइन ट्रांसमिशन के अधिकार क्षेत्र में आती है।

कई घरों में लोगों को लगे करंट के झटके: हादसे में शैलेंद्र के मकान के साथ अन्य कई घरों में करंट दौड़ गया। कई ग्रामीणों को झटके लगे। लोग घरों से बाहर दौड़ पड़े। गनीमत रही कि चंद पलों में ही लाइन ट्रिप हो गई, यदि ऐसा नहीं होता तो काफी बड़ा हादसा हो सकता था।

छत व दीवारों में आई दरार: हाईटेंशन करंट की वजह से शैलेंद्र भट्ट के मकान की छत और दीवार में दरार आ गई। जिससे मकान के गिरने की आशंका बढ़ गई है। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने आबादी के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन शिफ्ट कराने की मांग की है।

Share.

About Author

Leave A Reply