मेरठ 02 मार्च (प्र)। भारतीय पैरा एथलेटिक कमेटी के चेयरमैन सत्यनारायण ने कहा कि तीन वर्ष पूर्व जहां प्रदेश में पैरा खेलों की स्थिति कमजोर थी, वहीं अब यह पहले स्थान पर पहुंच चुका है। ओलिंपिक और पैरालिंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रदेश सरकार द्वारा पुरस्कार राशि प्रदान की जा रही है, जिससे भारतीय खेलों का विकास हो रहा है।
शनिवार को मेरठ पैरा स्पोटर्स एसोसिएशन के गढ़ रोड स्थित कार्यालय और वेबसाइट (http:// meerutparaassociation.in) का शुभारंभ करते हुए सत्यनारायण ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न शहरों में पैरा खेलों की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में नेशनल पैरा वालीबाल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। अब जल्द ही मेरठ में सब-जूनियर और जूनियर पैरा नेशनल एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन भी होगा। इसके लिए उन्होंने राष्ट्रीय फेडरेशन से 15 लाख से अधिक की सहयोग राशि प्रदान करने का आश्वासन दिया।
कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का कार्य लगभग एक महीने में पूरा होने की जानकारी मिलने पर सत्यनारायण ने नए ट्रैक पर पहली नेशनल प्रतियोगिता कराने की बात कही। उन्होंने स्टेडियम में पैरा खिलाड़ियों की आवश्यकताओं के अनुसार रैंप बनाने और पानी की व्यवस्था करने में मदद की पेशकश की। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रदेश और भारत सरकार की ओर से खिलाड़ियों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी वेबसाइट पर अपलोड की जाए, ताकि खिलाड़ी उनका लाभ उठा सकें। इसके अलावा, पैरा खेलों के प्रशिक्षण और आयोजन की जानकारी भी वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाए। सत्यनारायण ने कहा कि देश में खेल का भविष्य फिजिकल एजुकेशन शिक्षकों के साथ जुड़ा है। प्रारंभिक प्रशिक्षण पीटीआइ द्वारा दिया जाता है और कोच का योगदान बाद में आता है। उन्होंने पैरा खिलाड़ियों के कोच गौरव त्यागी की ओर इशारा करते हुए कहा कि प्रीति पाल को प्रारंभिक प्रशिक्षण देकर आगे बढ़ाने में स्थानीय योगदान महत्वपूर्ण है।
उन्होंने यह भी कहा कि खिलाड़ियों को प्रारंभिक स्तर पर तैयार करने वाले कोचों के माध्यम से मदद मुहैया कराई जा रही है। जो भी पदक के दावेदार हैं, उन्हें हर प्रकार की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
पैरालिंपिक कमेटी आफ इंडिया के महासचिव जयवंत हम्मनवार और भारतीय पैरा पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन के चेयरमैन जेपी सिंह का स्वागत किया गया। मेरठ पैरा स्पोट्र्स एसोसिएशन के चेयरमैन अश्वनी गुप्ता और सचिव गौरव त्यागी ने अतिथियों का स्वागत किया। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी जितेंद्र यादव और पीसीआइ समन्वयक अजीमुल्ला भी उपस्थित रहे।
