Saturday, July 27

नगर निगम कार्यकारणी बैठक में सपा पार्षद ने किया वॉकआउट

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ, 29 फरवरी (प्र)। मेरठ में नगर निगम कार्यकारणी की बैठक में मूल बजट के दौरान सपा पार्षद कीर्ति घोपला ने वॉक आउट किया। पार्षद ने राज्यमंत्री और एमएलसी से जान का खतरा जताया है। पूर्व में बैठक में उनके साथ मारपीट हो गई थी। यह प्रकरण काफी गरमाया था। कीर्ति घोपला का आरोप है कि राज्य मंत्री व एमएलसी ने भाजपा पार्षदों के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट की थी। इसके बावजूद उन्हीं के खिलाफ देहलीगेट थाने पर मुकदमा दर्ज कराया गया। जबकि उनकी तहरीर पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। आज भी वह निगम के सदन में आते हुए खुद को असुरक्षित महसूस कर रहें है। कीर्ति ने अपनी जान को खतरा बताते हुए बैठक में मूक वॉक आउट के रूप में विरोध जताया।

दूसरी ओर वार्ड 60 की पार्षद और निगम कार्यकारिणी की सदस्या रेखा शर्मा ने दो दिन पहले नगर निगम द्वारा होर्डिंग ठेके छोड़े जाने पर आपत्ति जताते हुए ठेका निरस्त करने की मांग की। रेखा का आरोप है कि नगर निगम के अधिकारियों द्वारा बार-बार एक ही कंपनी को होर्डिंग के ठेके क्यों दिये जा रहें है। जबकि अन्य ठेकेदारों को अनदेखा किया जा रहा है। निगम के प्रचार-प्रसार विभाग पर आरोप लगाया गया कि यहां ठेका छोड़ने के दौरान पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। जिस कंपनी को पहले से ही कई बार ठेका दिया जा चुका है उसे फिर से ठेका क्यों दिया गया इसके पीछे कहीं न कहीं सुविधाशुल्क वसूलने का खेल चल रहा है।

टाउन हॉल में आज नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक हुई। वैसे तो बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष 2024-2025 के लिए रिकार्ड 1324 करोड़ 68 लाख 66 हजार रुपये के बजट पर विचार हुआ।। वहीं मेयर की अनुमति से कुछ और मुद्दों पर भी चर्चा हुई। बजट में दावा किया गया है कि आगामी वित्तीय वर्ष में 574 करोड़ 64 लाख 36 हजार रुपये अवशेष होगा। वहीं, 750 करोड़ चार लाख 30 हजार रुपये विभिन्न माध्यमों से आय की प्राप्ति होगी। नगर निगम कार्यकारिणी ने इस तरह निगम के प्रस्तावित बजट पर विचार किया। बैठक में मेयर हरिकांत अहलूवालिया नगरायुक्त डॉ अमित पाल शर्मा आदि मौजूद रहे।

Share.

About Author

Leave A Reply