Saturday, July 27

सपा विधायक अतुल प्रधान ने जारी किया संपत्ति का शपथपत्र, डॉक्टरों से बोले – अब वे भी करें घोषणा

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 08 दिसंबर (प्र)। निजी अस्पतालों की मनमानी के खिलाफ जंग छेड़ने वाले सपा विधायक अतुल प्रधान ने गुरुवार को अपनी संपत्ति की घोषणा कर दी। विधायक ने इसके बाद डॉक्टरों को अपनी संपत्ति घोषित करने की चुनौती दी। इसके साथ ही विधायक ने 11 दिसम्बर को आमनण अनशन स्थल पर ही महापंचायत बुलाने की घोषणा कर दी।
न्यूटिका अस्पताल में मरीजों से दवा के ज्यादा दाम वसूलने को लेकर सरधना के सपा विधायक अतुल प्रधान ने हंगामा किया था। इसके बाद से ही इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के डॉक्टरों और विधायक के बीच विवाद चल रहा है। डॉक्टरों ने विधायक समेत 40 लोगों पर मुकदमे दर्ज करवा दिए तो स्वीकृत नक्शे से अलग निर्माण करने पर न्यूटिमा अस्पताल पर सीलिंग की कार्रवाई लटकी हुई है।

चार दिन से कलक्ट्रेट में सपा विधायक आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं। गुरुवार को सपा विधायक ने 11 दिसम्बर को कलेक्ट्रेट में अनशन स्थल पर महापंचायत बुलाने की घोषणा की। इसके साथ ही विधायक समर्थकों ने निजी अस्पतालों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महापंचायत में निजी अस्पतालों के खिलाफ बड़ा निर्णय लिया जाएगा। इस महापंचायत में ट्रैक्टर-ट्रॉली, बस, कार, मोटरसाइकिल और भैंसा बुग्गी से भी लोग आएंगे। महापंचायत में लोगों से पहुंचने की अपील की गई है। मेरठ शहर में भी लोगों को इस महापंचायत में लाने की तैयारी की जा रही है।

सपा विधायक ने अनशन स्थल पर गुरुवार को अपनी संपत्ति की घोषणा की। जिलाधिकारी के नाम शपथ पत्र देते हुए विधायक ने कहा कि वह अपनी हर प्रकार की जांच कराने के लिए तैयार हैं। इस शपथ पत्र में मेरी तमाम संपत्ति का विवरण मौजूद है। इसके अलावा यदि कोई मेरी संपत्ति है तो शासन-प्रशासन मेरी जांच कर सकता है। शपथ पत्र के अलावा कोई संपत्ति मिलने पर उसे प्रशासन जब्त कर ले या फिर मैं उसे किसी गरीब के नाम कर दूंगा। विधायक ने डॉक्टरों से कहा कि वे भी ऐसा शपथ पत्र देकर अपनी संपत्ति की जांच कराएं। अब यदि चिकित्सकों में भी नैतिकता है तो वे भी अपनी संपत्तियों का ब्यौरा सार्वजनिक करें।

उन्होंने आरोप लगाया कि उन पर आरोप लगाने वाले आज कई-कई सौ करोड़ रुपए की संपत्ति के मालिक हैं। जो उन्होंने जनता का शोषण कर लूट करते हुए कमाया है। विधायक अतुल प्रधान के पास उनके पैतृक गांव में 3.0447 हेक्टेयर कृषि भूमि, शास्त्रीनगर मेरठ में पांच हजार वर्ग फुट का आवासीय प्लाट, पैतृक गांव गड़ीना में 500 वर्ग मीटर का आवासीय भूखंड, पत्नी सीमा प्रधान के नाम पर एक और अतुल प्रधान के नाम पर दो बैंक खाते हैं। उनके तीनों बच्चों के नाम पर ढाई-ढाई लाख रुपये की एक-एक जीवन बीमा पॉलिसी है। उनके खुद के और पत्नी के नाम पर डेढ़-डेढ़ लाख रुपये की एक-एक जीवन बीमा पॉलिसी है। सीमा प्रधान के पास 60 ग्राम सोने के आभूषण है। अतुल प्रधान के ऊपर किसान क्रेडिट कार्ड के नाम पर 2.94 लाख रुपये ऋण है।

Share.

About Author

Leave A Reply