Friday, July 26

25 से चार दिन मेरठ से अयोध्या के लिए स्पेशल ट्रेन

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ, 09 फरवरी (प्र)। अयोध्या में रामलला के दिव्य दर्शन के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में मेरठ से सीधे अयोध्या के लिए रेलवे ने दो स्पेशल ट्रेन का संचालन करने का निर्णय लिया है। मेरठ से 25 से 28 फरवरी तक ये ट्रेन चार दिन तक चलेंगी। इनका नाम आस्था स्पेशल रखा गया है। 25 और 27 फरवरी को ट्रेन मेरठ सिटी से रवाना होगी। वापसी में ट्रेन 27 और 29 फरवरी को अयोध्या से चलेगी। ट्रेन 13.30 घंटे में अयोध्या कैंट स्टेशन पहुंचाएगी। दूसरी ट्रेन सहारनपुर से 26 और 28 फरवरी को चलेगी। यह ट्रेन वाया मेरठ होते हुए जाएगी। वापसी में अयोध्या से यह ट्रेन 28 और एक मार्च को रवाना होगी। यह ट्रेन दोनों ओर से हापुड़, बुलंदशहर, खुर्जा, टुंडला, कानपुर, लखनऊ होते हुए अयोध्या कैंट पहुंचेगी। ट्रेन में 22 कोच होंगे। हापुड़ से वाया बुलंदशहर, बुलंदशहर, गाजियाबाद से भी आस्था स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।

मेरठ से चलने वाली ट्रेन का टाइमटेबल: ट्रेन रात 11:25 बजे मेरठ सिटी स्टेशन से चलेगी। लखनऊ अगले दिन सुबह 10ः05 बजे और अयोध्या दोपहर 12ः55 बजे पहुंचेगी। अयोध्या से ट्रेन रात 9ः50 बजे चलेगी। लखनऊ रात 12ः20 बजे पहुंचेगी। मेरठ पहुंचने का समय अगले दिन 11:15 बजे है।

सहारनपुर से वाया मेरठ चलने वाली ट्रेन का टाइमटेबल: सहारनपुर से ट्रेन रात नौ बजे चलेगी। मेरठ सिटी स्टेशन यह 11ः20 बजे पहुंचेगी। पांच मिनट के स्टापेज के बाद यह रवाना होगी। शेष समय उपरोक्तानुसार है। ट्रेन के अयोध्या से सहारनपुर पहुंचने का समय दोपहर 1: 45 बजे है।

काउंटर से नहीं होगी टिकटों की बुकिंग
रेलवे के अधिकारियों के अनुसार इस ट्रेन के लिए टिकटों की बुकिंग रेलवे काउंटर से नहीं होगी। जनप्रतिनिधि या संस्था द्वारा आइआरसीटीसी के माध्यम से पूरी ट्रेन बुक कराई जाएगी।

Share.

About Author

Leave A Reply