Saturday, July 27

जनता को मिल रहीं सहूलियतों को किया जा रहा खत्म: खरगे

Pinterest LinkedIn Tumblr +

नई दिल्ली/मुंबई, 29 दिसंबर। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि मोदी सरकार जनता को मिल रहीं सहूलियतें धीरे-धीरे खत्म कर रही है। कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार देश पर 5 लाख करोड़ कर्ज छोड़कर गई थी जो आज बढ़कर 200 लाख करोड़ हो गया है। इसलिए देश को बचाने के लिए कांग्रेस और इंडिया गठबंधन को जिताना होगा।
कांग्रेस के 139वें स्थापना दिवस पर गत दिवस महाराष्ट्र के नागपुर में पार्टी की ‘हैं तैयार हम’ रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा, कांग्रेस संसदीय लोकतंत्र पर आधारित भारत में विश्वास रखती है, जहां बिना किसी भेदभाव के सभी के लिए समान अवसर मौजूद हों। पार्टी ऐसा देश बनाना चाहती है, जहां संविधान में मौजूद राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक अधिकारों का पालन किया जाए।
लोकतंत्र खतरे में, महंगाई आसमान छू रही है। खरगे ने कहा कि नागपुर में दो विचारधाराएं हैं। एक डॉ. बीआर आंबेडकर की जो प्रगतिशील है और दूसरी आरएसएस की जो देश को बर्बाद कर रही है। कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि नागपुर क्रांतिकारियों की भूमि है, जहां बाबासाहेब आंबेडकर और महात्मा गांधी ने बड़े पैमाने पर काम किया। अगर भाजपा और आरएसएस दोबारा सत्ता में आते हैं जो लोकतंत्र खत्म हो जाएगा।
खरगे ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सामाजिक न्याय और समानता के खिलाफ हैं। लोकतंत्र खतरे में है। महंगाई आकाश छू रही है। बेरोजगारी भी चरम पर है। 30 लाख रिक्तियां हैं, जिन्हें भरा नहीं जा रहा है, क्योंकि पिछड़े वर्गों को समायोजित करना होगा।
एक ही संगठन से जुड़े लोग बन रहे कुलपति
भाजपा पर हमला करते हुए पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, आपके वोट से अलग-अलग संस्थाएं बनती हैं। ये संस्थाएं आपकी हैं, लेकिन अब संघ और भाजपा उन पर कब्जा कर रही हैं। आप देश के सारे विश्वविद्यालयों को देख लीजिए। सारे कुलपति एक संगठन के हैं। कुलपति की नियुक्ति आज मेरिट पर नहीं हो रही। आप एक संगठन में हैं तो कुलपति बन सकते हैं। उन्होंने केंद्र में सत्ता में आने पर जाति गणना कराने की भी बात कही।

Share.

About Author

Leave A Reply