Friday, July 26

दो आइआइटी दुनिया के शीर्ष 800 विश्वविद्यालयों में शामिल

Pinterest LinkedIn Tumblr +

नई दिल्ली 28 सितंबर। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में देश के लिए यह वास्तव में गौरव का पल है कि भारत के रिकार्ड 91 विश्वविद्यालयों को इस बार टाइम्स वर्ल्ड रैंकिंग में जगह मिली है। दूसरे शब्दों में कहें तो विदेशी भी अब हमारी गुणवत्तापरक उच्च शिक्षा का लोहा मानने लगे हैं।

पिछली बार यह संख्या 75 थी, इस लिहाज से गत वर्ष की तुलना में उसमें उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। सूची में जगह बनाने वाले विश्वविद्यालयों की संख्या के मामले में भारत चौथे स्थान पर रहा जबकि पिछले साल यह छठे पायदान पर था।
टाइम्स हायर एजुकेशन (टीएचई) पत्रिका द्वारा घोषित वैश्विक विश्वविद्यालय रैंकिंग में इंडियन इंस्टीट्यूट आफ साइंस (आइआइएससी) बेंगलुरु ने साल 2017 के बाद पहली बार शीर्ष 250 विश्वविद्यालयों की सूची में जगह बनाई है। वह भारतीय विश्वविद्यालयों में टाप पर रहा।

बुधवार को लंदन स्थित टीएचई पत्रिका द्वारा घोषित रैंकिंग के अनुसार, भारत में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विश्वविद्यालयों में अन्ना विश्वविद्यालय, जामिया मिलिया इस्लामिया, महात्मा गांधी विश्वविद्यालय, शूलिनी जैव प्रौद्योगिकी और प्रबंधन विज्ञान विश्वविद्यालय शामिल हैं।

यह सभी 501 से 600 के बैंड में हैं। दो आइआइटी भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान गुवाहाटी और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (इंडियन स्कूल आफ माइन्स) धनबाद दुनिया के शीर्ष 800 विश्वविद्यालयों में शामिल हो गए। यह पहले 1001-1200 के बैंड में थे।

अन्ना विश्वविद्यालय चेन्नई पिछली बार 801 से 1000 के बैंड में था मगर इस बार यह बढ़कर 501 से 600 बैंड पर आ गया। इसी तरह अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय पिछले साल के 801-1000 बैंड से बढ़कर 601-800 के बैंड पर आ गए। रैंकिंग के 20वें वर्ष में 108 देशों और क्षेत्रों के 1,904 विश्वविद्यालयों को रैंकिंग प्रदान की गई।

द वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2024 ने शिक्षण, अनुसंधान, ज्ञान हस्तांतरण और अंतरराष्ट्रीयकरण के उनके मुख्य मिशनों को कवर करने वाले 18 संकेतकों के आधार पर विश्वविद्यालयों का मूल्यांकन किया था। इन्हें पांच श्रेणियों शिक्षण, अनुसंधान गुणवत्ता, अनुसंधान वातावरण, अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण और उद्योग में बांटा था। पहली बार इस सूची में 165 विश्वविद्यालयों को रैंक दिया गया है और इनमें से 89 एशिया से हैं। बता दें कि शीर्ष आइआइटी ने लगातार चौथे वर्ष इस रैंकिंग का बहिष्कार किया।

आक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी दुनिया में नंबर-1 सूची में ब्रिटेन की आक्सफोर्ड दुनिया में सबसे ऊंची रैंकिंग वाली यूनिवर्सिटी है। अमेरिका की स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी दूसरे स्थान पर रही। तीसरे स्थान पर मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट आफ टेक्नालाजी है। चीन के विश्वविद्यालय समग्र रूप से एशिया में सर्वश्रेष्ठ रैंक वाले विश्वविद्यालय हैं। इस वर्ष चीन के 33 एशियाई विश्वविद्यालय शीर्ष 200 में हैं, पिछली बार यह संख्या 28 थी।

Share.

About Author

Leave A Reply