Saturday, July 27

मेरठ में 6 सिनेमा हॉल, 3 मॉल होंगे नीलाम, 25 लाख का हाउस टैक्स न देने पर निगम ने की कार्रवाई

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ, 18 दिसंबर (प्र)। हाउस टैक्स न देने पर शहर के छह सिनेमा हॉल और तीन मॉल नीलाम होंगे। नगर निगम ने 25 लाख बकाया बताकर मॉल और सिनेमा हॉल के संचालकों को नोटिस जारी कर दिया। इससे खलबली मच गई है।
इनमें से अधिकांश मॉल और सिनेमा हॉल बंद हो चुके हैं। कर निर्धारण अधिकारी राजेश कुमार का कहना है कि शहर में बड़े बकायेदारों को नोटिस भेजने का सिलसिला जारी है और हाउस टैक्स न देने पर सील की कार्रवाई हो रही है। महानगर में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा हाउस टैक्स व वाटर टैक्स लोगों पर बकाया है। कार्रवाई के चलते कुछ बकायेदार पैसा भी जमा करने लगे हैं।

चौधरी चरणसिंह विश्वविद्यालय, निजी मेडिकल विश्वविद्यालय समेत कई भवनों पर हाउस टैक्स बकाया है। करीब एक साल से नगर निगम की लापरवाही के चलते लोगों ने हाउस टैक्स जमा नहीं किया। इसके चलते लोगों पर 100 करोड़ से ज्यादा बकाया हो गया है। नगर आयुक्त के निर्देश पर हाउस और वाटर टैक्स के बकायेदारों को नोटिस जारी किया गया है। नये साल पर बकायेदारों पर बड़ी कार्रवाई करने की बात कही। जिसके बाद हाउस टैक्स विभाग ने अभियान चलाया और 20 फीसदी टैक्स की छूट देने की घोषणा भी कर दी।
कर निर्धारण अधिकारी राजेश कुमार का कहना है कि बकायेदारों की सूची बनाकर उनके भवन पर सील की कार्रवाई का अभियान चल रहा है। 38 से ज्यादा भवन और दुकान पर निगम सील की कार्रवाई कर चुका है। जिन भवन में कामकाज बंद हो चुका है, उन पर नगर निगम के अधिनियम 512 के तहत नीलाम की कार्रवाई करना सुनिश्चित हो गया है।

इनको नीलाम करेगा निगम
नाम                            बकाया धनराशि
अप्सरा सिनेमा            1, 75,901
अनुराग सिनेमा             5,25,401
जगत सिनेमा              2,28,601
सत्यम सिनेमा             80,941
ओडियन सिनेमा          3,51,541
मेग्नम मॉल                89,561
ईरा मॉल                      1,01,301
मिलॉज मॉल                1,78,840

Share.

About Author

Leave A Reply