Wednesday, October 16

महिला को ससुराल वालों ने तेजाब पिलाकर मार डाला, पति और जेठानी गिरफ्तार

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 25 सितंबर (प्र)। दहेज न मिलने पर ससुराल वालों ने सरिता (27) को जबरन तेजाब पिला दिया। सवा माह उपचार के बाद भी महिला की हालत बिगड़ती चली गई। मंगलवार को पीड़िता परिजन के साथ एसएसपी कार्यालय में न्याय मांगने पहुंची। यहां से वापस लौटते समय सरिता की मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने दिल्ली रोड पर संजय वन के पास जाम लगाने का प्रयास कर हंगामा किया। पुलिस ने आरोपी पति धर्मेंद्र और जेठानी अनिता को गिरफ्तार कर लिया है।

मोदीनगर के वखरवा गांव निवासी सरिता की शादी ब्रह्मपुरी क्षेत्र में माधवपुरम निवासी धर्मेंद्र से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत पांच फरवरी 2023 को हुई थी। आरोप है कि शादी में दहेज न मिलने पर पति धर्मेंद्र, जेठ समय सिंह और जेठानी अनिता उसके साथ मारपीट करने लगे। एक लाख रुपये और बाइक की मांग करने लगे। आरोपियों ने पीड़िता के घर वालों को भी पीटकर भगा दिया। हालांकि पीड़िता परिवार वालों के कहने पर चुप रही।

आरोप है कि 16 अगस्त 2024 को पति धर्मेंद्र, जेठ समय सिंह और जेठानी अनिता ने जान से मारने की नीयत से सरिता को जबरन तेजाब पिला दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। पड़ोसियों ने सरिता को अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। हालत बिगड़ने पर ससुराल वाले उसका इलाज कराने की बजाय मायके मोदीनगर छोड़ आए।
परिजनों ने एसएसपी से गुहार लगाई तो ब्रह्मपुरी थाने में रिपोर्ट तो दर्ज हुई लेकिन पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया। मंगलवार को भी सरिता मेरठ एसएसपी कार्यालय पहुंची। बाहर काफी देर तक बैठी रही। हर बार की तरह आश्वासन ही मिला।

ब्रह्मपुरी थाना प्रभारी का कहना है कि 29 सितंबर को अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद सरिता माधवपुरम पुलिस चौकी पर आई थी। उसने लिखित में बयान दिया था कि ससुराल वालों के उत्पीड़न से तंग आकर उसने खुद तेजाब पी लिया था। वह अपने पति के साथ रहना चाहती है। थाना प्रभारी का कहना है कि इसके बाद सरिता के भाई ने तहरीर दी, जिस पर 16 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कर ली थी।

मां शशि ने बताया कि गरीबी के चलते मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शादी कराई थी। शादी का आयोजन गाजियाबाद मोदीनगर के भोजपुर में हुआ था। दहेज के लालच में आरोपियों ने बेटी की जान ले ली। बखरवा मोदीनगर के विजयपाल मजदूरी करते हैं। उनके दो बेटे और दो बेटी में शशि छोटी थी।

भाई नरेंद्र ने बताया कि पति और ससुराल वाले लगातार दहेज की मांग करते थे। इसके बाद ब्रह्मपुरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया। मंगलवार को भी सरिता अपने घरवालों के साथ मेरठ एसएसपी के कार्यालय पहुंची थी। वह बाहर काफी देर तक बैठी रही। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उसे घर जाने को कहा। परिजन उसे लेकर ई -रिक्शा से घर जा रहे थे, रास्ते में उसकी मौत हो गई।

एसपी सिटी मेरठ आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि आरोपी पति धर्मेंद्र, जेठानी अनिता को गिरफ्तार कर लिया है। जेठ समय सिंह की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है। मुकदमे में दहेज हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी।

Share.

About Author

Leave A Reply