मेरठ 03 जून (प्र)। दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो की सेवा की सारी तैयारी पूर्ण हो गई है। बस उद्घाटन की बारी है। जैसे ही उच्च स्तर से उद्घाटन की घोषणा होगी तो नमो भारत के सारे स्टेशन को जनता के लिए खोल दिए जाएंगे। उधर, नमो भारत और मेरठ मेट्रो का ट्रायल शताब्दीनगर से मोदीपुरम के बीच लगातार जारी है।
एनसीआरटीसी अधिकारियों के अनुसार नमो भारत ट्रेन फिलहाल दिल्ली के न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक 55 किमी के सेक्शन में 11 स्टेशनों के बीच दौड़ रही है। मेरठ साउथ से मेट्रो की सेवा बहुत जल्द परतापुर, रिठानी, शताब्दी नगर, ब्रह्मपुरी, मेरठ सेंट्रल, भैंसाली, बेगमपुल, एमईएस कॉलोनी, डोरली, मेरठ नॉर्थ, मोदीपुरम और मोदीपुरम डिपो के बीच चलेगी। इनमें से मेरठ सेंट्रल, भैंसाली और बेगमपुल अंडरग्राउंड स्टेशन हैं। इसके अलावा मेरठ में चार स्टेशनों मेरठ साउथ, शताब्दीनगर, बेगमपुल और मोदीपुरम से ना सिर्फ मेट्रो बल्कि 160 किलोमीटर प्रतिघंटे की अधिकतम रफ्तार से दौड़ने वाली नमो भारत की सुविधा भी मिलेगी।
दिल्ली-एनसीआर से ‘छोटा हरिद्वार’ मुरादनगर गंगनहर की यात्रा करना अब पहले से अधिक आसान हो गया है। सेमी हाई-स्पीड ट्रेन नमो भारत फिलहाल दिल्ली के न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ के बीच 55 किलोमीटर के सेक्शन में दौड़ रही है। इसी रूट पर मुरादनगर नमो भारत स्टेशन है, जहां से महज कुछ कदम की दूरी पर ‘छोटा हरिद्वार’ है। मुरादनगर, दिल्ली के आनंद विहार से करीब 35 किलोमीटर की दूरी पर है। इसके लिए नमो भारत से केवल 22-23 मिनट का समय लगता है। मेरठ साउथ स्टेशन से छोटा हरिद्वार करीब 23 किमी दूर है। इसके लिए केवल 60 रुपये किराया लगता है।
