मेरठ 12 दिसंबर (प्र)। एक बार फिर देहात से यात्रियों को लाने ले जाने के लिए विभिन्न रूटों पर सिटी बसें दौड़ेंगी। इसके लिए नगरीय बस सेवा का नया प्लान तैयार किया गया है। शहर को देहात से जोड़ने के लिए शासन से 100 नई सिटी बसों की मांग की गई।
दरअसल, विभिन्न कस्बों और गांवों से यात्रियों के महानगर आने जाने के लिए करीब 11 वर्ष पूर्व सिटी बसों का संचालन शुरू किया गया था। महानगर के रूटों से अलग देहात के 12 रूटों पर पर दो तरह की बसों को लगाया गया था। लो फ्लोर बसें और मिनी बसें लो फ्लोर लंबी बॉडी की बसें थीं और मिनी बसें छोटी थीं। इनमें देहात के रूटों पर अधिकांश मिनी बसें संचालित की जाती थीं। रोजाना देहात के रूटों पर हजारों यात्री इन बसों में सफर करते थे। उक्त बसें डीजल चलित बसें थीं। इनकी मेंटीनेंस पर ध्यान न दिये जाने से धीरे-धीरे उक्त बसें खराब होती चली गईं। आखिरकार तमाम उक्त बसें खटारा हो गई। इनकी 10 वर्ष की उम्र पूरी हो गई। मुख्यालय से इन्हें रूटों से हटाकर नीलामी के लिए डिपो में खड़ा करने के आदेश हो गए।
देहात से जुड़े लगभग अधिकांश रूटों की तमाम डीजल चलित सिटी बसों को हटा दिया गया। बेगमपुल से सरधना, भैंसाली बस अड्डे से हस्तिनापुर, हापुड़ अड्डे से शाहजहांपुर मेडिकल से मोदीनगर और बेगमपुल से किला परीक्षितगढ़ रूटों पर इलेक्ट्रिक और वोल्वो सिटी बसों का संचालन किया जा रहा है, जबकि अन्य रूटों पर करीब डेढ़ वर्ष पूर्व सिटी बसें बंद कर दी गई। अब अन्य रूटों पर कोई बस सेवा नहीं है।
हजारों यात्रियों को अपने निजी वाहनों या थ्री व्हीलर व टैक्सी आदि से यात्रा करनी पड़ती है। करीब डेढ़ वर्ष से बंद पड़ी सात रूटों पर पुनः नगरीय बस सेवा की बसों का संचालन करने की योजना बनाई गई। इन रूटों पर संचालन के लिए शासन से 100 नई बसों की मांग की गई। देखना यह है कि कब तक नई बसें मिल पाती हैं। मेरठ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लि. डिपो मैनेजर सचिन सक्सेना का कहना है कि मेट्रो और नमो भारत ट्रेनों का शहर में संचालन शुरू होने के साथ ही हजारों यात्री नमो भारत का सफर करने के लिए देहात से आएंगे। इनको महानगर में पहुंचाने के लिए पुनः पुराने रूटों पर सिटी बसें संचालित करने की योजना बनाई गई है। इसके लिए 100 नई बसों की मांग शासन से की गई। बसें मिलते ही उनका संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
इन मार्गों पर चलेंगी सिटी बसें
मेडिकल कालेज से सरूरपुर वाया बेगमपुल ।
मेडिकल कालेज से दौराला वाया बेगमपुल ।
मेडिकल कालेज से पांचली वाया बेगमपुल ।
भैसाली बस अड्डे से मवाना वाया जेल चुंगी।
मोदीपुरम से मोदीनगर वाया बाईपास मेडिकल कालेज से गंगोल वाया बेगमपुल ।
मेडिकल कालेज से लावड़ वाया बेगमपुल ।
