Friday, December 26

हस्तिनापुर से नहीं लड़ेंगे चुनाव, मंत्री दिनेश खटीक की घोषणा से गरमाई राजनीति

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 26 दिसंबर (प्र)। उत्तर प्रदेश के जल शक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक ने घोषणा की है कि वह हस्तिनापुर विधानसभा से तीसरी बार चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने यह बयान कल्कि धाम के पीठाधीश्वर प्रमोद कृष्णम के साथ एक मंच साझा करते हुए दिया।
मंत्री खटीक ने इससे पहले हस्तिनापुर विधानसभा की भूमि को ‘श्रापित भूमि’ बताया था। इस टिप्पणी के बाद राजनीतिक गलियारों में पहले ही विवाद छिड़ गया था। अब तीसरी बार चुनाव न लड़ने की उनकी घोषणा ने सियासी हलचल और बढ़ा दी है।
वहीं, पूर्व विधायक गोपाल काली ने हस्तिनापुर को श्रापित भूमि कहने पर आपत्ति दर्ज की है। दूसरी ओर, हस्तिनापुर से भाजपा के दावेदारों की बांछें खिल गई हैं। दिनेश खटीक का कहना है कि उनके मन में जो बातें थी वह कह दी। आगे पार्टी का जो आदेश होगा, स्वीकार होगा।

बुधवार को खरखौदा के एक स्कूल के कार्यक्रम के दौरान जलशक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने संबोधन में कहा था कि हस्तिनापुर श्रापित भूमि है। वह दो-दो बार विधायक व मंत्री बने। अब तीसरी बार हस्तिनापुर से चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं।

पूर्व विधायक गोपाल काली ने कहा है कि राज्यमंत्री दिनेश खटीक की ओर से हस्तिनापुर को श्रापित भूमि बता कर लाखों लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का काम किया है। यदि यह धरती श्रापित थी तो उन्होंने यहां से दो बार चुनाव क्यों लड़ा। अपनी बहन को गाजियाबाद से लाकर हस्तिनापुर नगर पंचायत अध्यक्ष का चुनाव लड़ाया। उन्होंने कहा जनता इस बार इनको हराने का मन बना चुकी है, इसलिए वह इस क्षेत्र को अपमानित कर दूसरी जगह भागने का प्रयास कर रहे हैं। गोपाल काली ने कहा मोदी, योगी के आशीर्वाद से विधायक मंत्री बन गए, लेकिन अच्छे काम नहीं किए इसलिए हस्तिनापुर द्रौपदी के श्राप से मुक्त नहीं हुआ है।

मैंने कुछ भी गलत नहीं कहा : राज्यमंत्री
जलशक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक का कहना है कि मैनें हस्तिनापुर को लेकर कुछ भी गलत नहीं कहा। हस्तिनापुर में द्रौपदी का चीरहरण हुआ था। हमेशा इस बात को लेकर मेरा मन कचोटता है। मैं सनातन धर्म को मानने वाला व्यक्ति हूं। गीता के सारे अध्याय पढ़ा हूं। मैंने अपने मन की भावना को व्यक्त किया है। इसमें क्या गलत बात है। द्रौपदी की श्रापित भूमि तो है ही हस्तिनापुर, फिर भी गर्व है दो-दो बार विधायक व मंत्री बना। किसी की भावना को ठेस पहुंचाने का कोई उद्देश्य नहीं था।

दावेदारों की बांछें खिली
हस्तिनापुर सीट से दावेदारों की बांछें खिल गई हैं। कई दावेदारों को तो सुबह से बधाई मिलने लगी है। हालांकि दावेदारों को यह भी कहा जा रहा है कि यह भाजपा है। कुछ भी करें सोच-समझकर करें।

भाजपा जिलाध्यक्ष हरवीर पाल का कहना है कि मंत्री दिनेश खटीक पार्टी के सम्मानित नेता हैं। उन्होंने जो कहा है हो सकता है यह उनकी निजी राय हो। इस पर कुछ भी टिप्पणी करना ठीक नहीं।

Share.

About Author

Leave A Reply