Monday, February 16

सीबीएसई बोर्ड परीक्षा कल दिशा-निर्देश जारी किए

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ, 16 फरवरी (दैनिक केसर खुशबू टाईम्स)। सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरु हो रही है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होकर 11 अप्रैल तक चलेंगी। मेरठ जिले में कुल 35 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इस वर्ष दसवीं कक्षा में 18,500 और बारहवीं कक्षा में 14,000 छात्र-छात्राएं परीक्षा में भाग लेंगे, जिससे जिले में कुल परीक्षार्थियों की संख्या लगभग 32,500 हो जाएगी। सीबीएसई मेरठ सिटी कोऑर्डिनेटर और केएल इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य सुधांशु शेखर ने सभी परीक्षा केंद्रों के सेंटर सुपरिटेंडेंट (सीएस) और प्रिंसिपलों को परीक्षाओं को छात्र-अनुकूल, शांतिपूर्ण और नकल मुक्त बनाने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
परीक्षा केंद्र सुबह 9 बजे से परीक्षार्थियों के लिए खोल दिए जाएंगे लेकिन सुबह 10 बजे के बाद किसी भी छात्र को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। यह भी सुझाव दिया गया है कि परीक्षार्थी एक दिन पहले ही अपने अभिभावकों के साथ परीक्षा केंद्र का भ्रमण कर लें ताकि अपना स्थान और वहां तक पहुंचने का मार्ग पहले से तय कर सकें। लिखित परीक्षा का समय सुबह 10ः30 बजे से दोपहर 1ः30 बजे तक निर्धारित है।
छात्रों के लिए एडमिट कार्ड और स्कूल आईडी कार्ड साथ लाना अनिवार्य है। एडमिट कार्ड पर अभिभावकों के हस्ताक्षर भी आवश्यक हैं। प्राइवेट उम्मीदवार एडमिट कार्ड के साथ आधार कार्ड भी लाएं। केवल पारदर्शी पेंसिल बॉक्स में रॉयल ब्लू या ब्लैक पेन/जेल पेन जैसी आवश्यक लेखन सामग्री ही ले जाने की अनुमति होगी। परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों द्वारा निरंतर निगरानी रखी जाएगी और सहायक अधीक्षक द्वारा हर क्षण मॉनिटरिंग की जाएगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, पेन ड्राइव, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक पेन या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना या उपयोग करना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसका उल्लंघन करने पर न केवल वर्तमान परीक्षा रद हो सकती है, बल्कि अगले वर्ष की सभी विषयों की परीक्षाएं भी निरस्त की जा सकती हैं।
सीडब्ल्यूएसएन/पीडब्ल्यूडी श्रेणी के छात्रों को उनके एडमिट कार्ड पर अंकित विशेष सुविधाओं जैसे अतिरिक्त समय या स्क्राइब की सुविधा का लाभ दिया जाएगा। ऐसे छात्रों की बैठक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए कि वे ग्राउंड फ्लोर पर हों। परीक्षा केंद्रों पर खाद्य पदार्थ ले जाना वर्जित है, सिवाय डायबिटीज रोगियों के। पानी केवल पारदर्शी बोतल में ही लाया जा सकेगा। रेगुलर छात्र स्कूल यूनिफॉर्म में और प्राइवेट छात्र हल्के रंग के सादे वस्त्रों में परीक्षा केंद्र पहुंचें।
परीक्षार्थियों के लिए सुझाव
परीक्षार्थियों को सबसे पहले अपनी डेटशीट को ध्यान से पढ़ना चाहिए ताकि वे अपने विषय की परीक्षा की तिथि और दिन के बारे में आश्वस्त रहें। घर से निकलने से पहले एडमिट कार्ड, स्कूल आईडी, ब्लू या ब्लैक पेन/जेल पेन, पानी की बोतल, मास्क, सैनिटाइजर जैसी जरूरी परीक्षा सामग्री की जांच कर लें। परीक्षा देने जाते समय खाली पेट न जाएं, बल्कि घर से थोड़ा नाश्ता करके ही निकलें।

Share.

About Author

Leave A Reply