मेरठ 29 जनवरी (प्र)। सत्यकाम इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधन को लेकर चल रहे विवाद के बीच विद्यालय प्रशासन ने बुधवार को अपना आधिकारिक पक्ष रखने के मामले में होटल ऑलिवया में प्रेस वार्ता का आयोजन किया वार्ता को सम्बोधित करते हुए विद्यालय के संस्थापक ट्रस्टी एवं प्रबंधक अनुज शर्मा की बेटी मानवी शर्मा ने बताया कुछ बाहरी व्यक्तियों द्वारा जाली दस्तावेजों के आधार पर विद्यालय के संचालन में बाधा डालने का प्रयास किया जा रहा है जिसे लेकर मामला वर्तमान में न्यायालय के समक्ष विचाराधीन है।
सत्यकाम एजुकेशनल ट्रस्ट की स्थापना वर्ष 2010 में हुई थी और विद्यालय पिछले 13 वर्षों से निरंतर सीबीएसई के नियमों के अंतर्गत संचालित हो रहा है। प्रबंधन का आरोप है एक पूर्व ट्रस्टी के निधन के बाद जून 2024 में फर्जी प्रस्ताव तैयार कर नए ट्रस्टियों की अवैध नियुक्ति का दावा किया गया। विद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया ऐसी कोई बैठक या सहमति कभी नहीं हुई और यह पूरा विवाद केवल जाली कागजातों पर आधारित है। प्रबंधन ने यह भी जानकारी दी।
विद्यालय को ऋण देने वाले कुछ पक्षकार अब शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों में अवैध हस्तक्षेप कर रहे हैं। इन व्यक्तियों पर बैंक खातों को फ्रीज कराने, कर्मचारियों को डराने और विद्यालय की वेबसाइट व डिजिटल रिकॉर्ड के साथ छेड़छाड़ करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
घटनाक्रम के अनुसार अगस्त और अक्टूबर 2025 में विद्यालय परिसर में तोड़फोड़ और अवैध प्रवेश की घटनाएं भी हुई जो सीसीटीवी में दर्ज हैं। इस संबंध में लोहिया नगर थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है। साथ ही वर्तमान में आगरा के दीवानी न्यायालय ने ट्रस्ट प्रबंधन और विद्यालय संचालन को लेकर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया है। मानवी शर्मा ने कहाउन्हें न्यायपालिका पर पूर्ण विश्वास है और वे कानूनी प्रक्रिया में पूरा सहयोग कर रहे हैं।
उन्होंने अभिभावकों और कर्मचारियों को आश्वस्त किया इन परिस्थितियों के बावजूद छात्रों की शिक्षा और भविष्य पर कोई आंच नहीं आने दी जाएगी। विद्यालय की सभी कक्षाएं और परीक्षाएं सुचारु रूप से चल रही हैं। प्रेसवार्ता में संजय गोयल, डॉ. सुमित उपाध्याय, डॉ. शिवकांत अग्रवाल, हरि लाठे, मनोज रस्तोगी और डॉ. विक्रांत राणा सहित आदि लोग मौजूद रहे।
