मेरठ 09 फरवरी (प्र)। 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक व 22 फरवरी को ठाकुर जी की वार्षिक शोभायात्रा को लेकर औघड़नाथ मंदिर में श्री बाबा औघड़नाथ शिव मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने 50 सहयोगी बंधुओं के साथ बैठक की। अध्यक्षता करते हुए मंदिर समिति के अध्यक्ष सतीश सिंघल ने बताया कि 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर लगभग तीन लाख श्रद्धालुओं के जलाभिषेक की संभावना है। इसे लेकर मंदिर प्रांगण में बैरिकेडिंग की जाएगी। भोर में चार बजे आरती के साथ श्रद्धालुओं के दर्शन शुरू हो जाएंगे। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर मंदिर में प्रवेश से लेकर दर्शन और जलाभिषेक करेंगे। भक्तों का प्रवेश गरुड़ द्वार और निकासी नंदी द्वार से की जाएगी।
श्रद्धालुओं के लिए मंदिर समिति की ओर से एक हजार लौटों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा निश्शुल्क जूता केंद्र, खोया- पाया केंद्र, चिकित्सा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। बाहर सड़क से लेकर मंदिर प्रांगण को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया है। मंदिर समिति के सहयोगी भोर में चार बजे से रात तक अपना कर्तव्य निर्वहन करेंगे। महाशिवरात्रि पर औघड़नाथ मंदिर पूरी रात दर्शन व जलाभिषेक के लिए खुला रहेगा। महामंत्री सुनील गोयल ब्रजभूषण गुप्ता, धीरेंद्र सिंघल, अतुल अग्रवाल, अशोक चौधरी, डा. महेश बंसल, अमित अग्रवाल, संजय बंसल व अन्य मौजूद रहे।
ठाकुर जी होली खेलन आ रहे आपके द्वार
श्री बाबा औघड़नाथ शिव मंदिर समिति के महामंत्री सुनील गोयल ने बताया कि 22 फरवरी को श्री राधा गोविंद मंदिर का वार्षिकोत्सव मनाया जाएगा। इसमें दो दिवसीय वार्षिक आयोजन होगा। 22 को पहले दिन भव्य शोभायात्रा ठाकुर जी होली खेलन आ रहे आपके द्वार’ निकाली जाएगी। सुबह दस बजे से शुरू होकर शोभायात्रा पूरे सदर बाजार क्षेत्र में भ्रमण करेगी। यह शेभायात्रा वार्षिक रूप में औघड़नाथ मंदिर से निकलती है, जब ठाकुर जी राधा रानी सरकार के साथ भक्तों को दर्शन देने के उनके द्वार पहुंचते हैं। नगर भ्रमण करते हुए यह शोभायात्रा मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी। इसके अगले दिन 23 फरवरी को शाम सात बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की संध्या होगी, जिसमें विशेष रूप से श्रीजी कला मंच ग्रेटर नोएडा के प्रशिक्षित कलाकार भजनों और राधा कृष्ण स्वरूप मनमोहक प्रस्तुति से मंत्रमुग्ध करेंगे।
