Tuesday, February 10

पीएल शर्मा रोड पर युवक की पिटाई करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 10 फरवरी (प्र)। लालकुर्ती थाना क्षेत्र में पीएल शर्मा रोड पर रविवार को एक मुस्लिम युवक की पिटाई के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। स्कॉर्पियो सवार पांच युवकों ने पैदल जा रहे युवक को सड़क पर गिराकर पीटा था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली है और फरार एक आरोपी की तलाश जारी है।

घटना रविवार की है। रोहटा बायपास निवासी फहीम पुत्र कमरुद्दीन अपने दोस्त के साथ पीएल शर्मा रोड स्थित बाजार में कैमरा खरीदने आया था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार काली स्कॉर्पियो उसके पास से गुजरी, जिससे फहीम बाल-बाल बचा। फहीम ने वाहन चालक को ठीक से गाड़ी चलाने के लिए कहा, जिसके बाद स्कॉर्पियो सवार पांच युवक गाड़ी से उतरकर फहीम को सड़क पर गिराकर पीटने लगे।

यह पूरी घटना पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। मारपीट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। पीड़ित फहीम ने लालकुर्ती थाने में आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने सोमवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान सुभाष नगर थाना सिविल लाइन निवासी शिवांक, न्यू प्रताप नगर किला रोड थाना सिविल लाइन निवासी शिवांश, नेहरू नगर थाना नौचंदी निवासी हर्षित और शास्त्री नगर थाना मेडिकल निवासी सागर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई काली स्कॉर्पियो भी बरामद कर जब्त कर ली है।

वायरल वीडियो में कुल पांच युवक मारपीट करते हुए दिख रहे हैं। पुलिस पांचवें फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया जारी है।

Share.

About Author

Leave A Reply