मेरठ 09 फरवरी (प्र)। शहरवासियों के लिए खुशखबरी है। मेरठ और दिल्ली के बीच तेज, आधुनिक और सुविधाजनक सफर का सपना अब हकीकत के और करीब पहुंच गया है। मेरठ में नमो भारत ट्रेन को 16 फरवरी से चलाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इसकी बढ़ती लोकप्रियता और यात्रियों की मांग को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने भविष्य में इस ट्रेन को हर तीन मिनट के अंतराल पर चलाने की तैयारी भी शुरू कर दी है। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने बताया कि नमो भारत ट्रेन के संचालन को लेकर लगातार उच्च स्तर पर संपर्क किया जा रहा है। 16 फरवरी की तारीख को लक्ष्य मानकर तैयारियां की जा रही हैं, हालांकि, अंतिम निर्णय और औपचारिक अनुमति सोमवार को दिल्ली में होने वाली बैठकों के बाद स्पष्ट होगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री एवं शहरी आवास और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से भी बातचीत हो चुकी है, जिससे संकेत मिलते हैं कि केंद्र सरकार इस परियोजना को लेकर गंभीर है।
नमो भारत बनेगी रफ्तार की रीढ़ तीन मिनट में ट्रेन
नमो भारत ट्रेन के शुरू होने से मेरठ, गाजियाबाद और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। यह ट्रेन कम समय में सफर पूरा करने के साथ-साथ आरामदायक, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाओं से लैस है। वर्तमान में इसके विभिन्न हिस्सों पर ट्रायल सफलतापूर्वक पूरे किए जा चुके हैं और अब आम यात्रियों के लिए नियमित संचालन की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं। एनसीआरटीसी का मानना है कि ट्रेन शुरू होने के बाद यात्रियों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी होगी। इसी को ध्यान में रखते हुए भविष्य में फ्रिक्वेंसी बढ़ाकर तीन मिनट के अंतराल पर ट्रेन चलाने की योजना बनाई जा रही है। इससे सड़क यातायात का दबाव कम होगा और प्रदूषण में भी कमी आएगी। कुल मिलाकर, यदि 16 फरवरी से नमो भारत ट्रेन का संचालन शुरू होता है, तो यह मेरठ के विकास, रोजगार और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के लिए एक बड़ी उपलब्धि साबित होगी।
