Tuesday, February 10

नायब शहर काजी ने डीएम से की रमजान के लिए लाउडस्पीकर की मांग

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 10 फरवरी (प्र)। नायब शहर काजी जैनुर राशिद्दीन ने जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह से मुलाकात कर रमजान माह के संबंध में कई मांगें रखीं। उन्होंने 19 तारीख से शुरू हो रहे रमजान के मद्देनजर मस्जिदों पर लाउडस्पीकर लगाने की अनुमति मांगी। काजी ने बताया कि लाउडस्पीकर के बिना रोजेदारों को सहरी और इफ्तार की सूचना देने में समस्या आती है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया।

काजी जैनुर राशिद्दीन ने पूरे रमजान माह के दौरान पानी और बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक और रात 4 बजे से सुबह तक पानी व बिजली अवश्य दी जाए। इसके अतिरिक्त, रात 6 बजे से 12 बजे तक (नमाज के समय) बिजली कटौती न करने का अनुरोध किया गया।

उन्होंने नगर निगम से मुस्लिम इलाकों, खासकर मस्जिदों के पास, पूरे माह विशेष सफाई अभियान चलाने की अपील की। खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने, विशेषकर शाही जामा मस्जिद के अंदर और बाहर की लाइटों को दुरुस्त करने की भी मांग की गई। रोजा रखने और खोलने के समय कंट्रोल रूम से समस्त थानों द्वारा इलेक्ट्रिक सायरन बजाने और पूर्व में हैंड सायरन प्राप्त करने वाली मस्जिदों को सिविल डिफेंस द्वारा हैंड सायरन उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया गया।

काजी ने रमजान में रात्रि के समय मुस्लिम इलाकों में खाने और चाय के होटल खोलने की अनुमति मांगी। उन्होंने बड़ी मस्जिदों, विशेषकर शाही जामा मस्जिद (मोहल्ला कृष्णापाड़ा) के आसपास, रात में पुलिस की विशेष व्यवस्था करने की मांग की। शाही जामा मस्जिद के अंदर पूरे रमजान माह के लिए चार मुस्लिम पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए।

पानी की व्यवस्था के लिए नगर निगम द्वारा जनरेटर उपलब्ध कराने, खासकर शुक्रवार के दिन, की मांग की गई। साथ ही, शाही जामा मस्जिद कृष्णापाड़ा के आगे पूरे रमजान माह में चार पहिया वाहनों को खड़ा न करने देने और उन्हें कोतवाली में पार्क कराने की व्यवस्था करने का भी आग्रह किया गया।

Share.

About Author

Leave A Reply