मेरठ 11 फरवरी (प्र)। कैंट स्थित प्रधान डाकघर परिसर में संचालित पासपोर्ट आफिस का विस्तार होगा। विदेश मंत्रालय से इसकी प्रक्रिया अंतिम चरण में है। पोस्ट आफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र में चार काउंटर का विस्तार करते हुए तीन गुणा एप्वाइंटमेंट लिए जाएंगे वर्तमान में पासपोर्ट सत्यापन कराने वाले आवेदकों के प्रतिदिन 90 एप्वाइंटमेंट लिए जाते हैं। विस्तार के बाद इनकी संख्या बढ़कर 270 हो जाएगी। आवेदकों को बड़ा लाभ यह होगा कि एप्वाइंटमेंट की लंबी वेटिंग घट जाएगी।
फिलहाल यदि आवेदन करने पर एप्वाइंटमेंट डेट दो माह के बाद मिल रही है तो विस्तार के बाद यह 15-20 दिन बाद ही मिल जाएगी। आफिस में चार नई क्यूबिक डेस्क बनेंगी। आवेदकों के लिए इलेक्ट्रानिक क्वालिटी मैनेजमेंट सिस्टम (ईक्यूएमएस) एलईडी लगाई जाएगी। यह व्यवस्था अभी तक पासपोर्ट आफिस में नहीं थी लेकिन विस्तारीकरण में इसका महत्वपूर्ण उपयोग होगा। इसकी मदद से प्रतीक्षालय में बैठे आवेदक एलईडी स्क्रीन पर अपना टोकन नंबर और काउंटर नंबर देखने के बाद संबंधित डेस्क पर अपने दस्तावेज का सत्यापन कराएंगे।
डाक विभाग के पास आफिस और कर्मचारी की जिम्मेदारी
हाल में गाजियाबाद क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय पर पासपोर्ट और डाक विभाग के अधिकारियों की बैठक में पीओपीएसके के विस्तार पर चर्चा की गई थी । मेरठ में संचालित पासपोर्ट आफिस डाक विभाग के सहयोग से संचालित है। इसमें कार्यरत सभी कर्मचारी डाक विभाग के हैं और आफिस की जगह भी डाक विभाग द्वारा प्रदत्त है। विस्तार से पहले विदेश मंत्रालय के अवर सचिव आसिफ सईद, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप, टीसीएस के अधिकारी अविषेक मिश्रा व डाक विभाग के प्रवर अधीक्षक जितेंद्र सिंह निरीक्षण कर चुके हैं।
गाजियाबाद क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप का कहना है कि नोएडा व मेरठ के कार्यालय विस्तार का काम प्रक्रियाधीन है। इसके पूर्ण होने पर प्रतिदिन जमा होने वाले आवेदनों की संख्या भी बढ़ेगी।
