मेरठ 11 फरवरी (प्र)। लावड़ कस्बे के दौराला मार्ग स्थित राष्ट्रीय इंटर कॉलेज इन दिनों फिल्मी शूटिंग का अड्डा बना हुआ है। चौकाने वाली बात यह है कि यह पूरा काम बिना किसी आधिकारिक अनुमति के किया जा रहा है। शूटिंग में बॉलीवुड से जुड़े बड़े कलाकारों की मौजूदगी बताई जा रही है, जबकि पूरे परिसर की सुरक्षा निजी सुरक्षाकर्मियों के हवाले है।
हैरानी की बात यह भी है कि स्थानीय पुलिस व खुफिया विभाग को कई दिन तक बिना अनुमति शूटिंग की कोई जानकारी नहीं हुई। स्कूल प्रशासन की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। प्रधानाचार्य ने भी बिना अनुमति पत्र देखे और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सूचित किए ही कॉलेज परिसर में शूटिंग की अनुमति दे दी। शूटिंग से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने से हड़कम्प मच गया है। राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में बीते कई दिनों से रिमांड फिल्म की शूटिंग चल रही है।
शूटिंग के लिए कॉलेज के प्रवेश द्वार पर कॉलेज के नाम की जगह जिला कलाकार लिख दिया गया है। शूटिंग में बॉलीवुड के बड़े कलाकार चौंपियन फेम राहुल देव पुलिस अधिकारी की भूमिका की शूटिंग करते दिखे। कॉलेज परिसर में मीडिया की एंट्री भी प्रतिबंधित कर रखी है। मामले की जानकारी पर पुलिस भी मौके पर पहुंची वहीं लावड़ पुलिस के एक दरोगा ने मीडियाकर्मियों को परिसर में आने से मना कर दिया। पुलिस शूटिंग रुकवाकर लौट गई। मगर पुलिस के लौटने के कुछ देर बाद फिर से शूटिंग शुरू हो गयी। वहीं स्थानीय लोगों में चर्चा रही कि देर रात भी कस्बे के अंदर कई स्थानों पर शूटिंग की जाएगी। जिसको लेकर सुरक्षा व्यवस्था के चलते सवाल उठ रहे हैं।
रात में भी जारी रही फिल्म की शूटिंग
पुलिस के शूटिंग रुकवाने के दावे रात के समय फिर से हवा हवाई साबित हुए। कस्बे के मोहल्ला पैठ चौड़ा में फिल्म की शूटिंग के लिए बॉलीवुड स्टार राहुल देव व अन्य कलाकार पहुंचे। इस दौरान भारी भीड़ देख राहुल देव ने गाड़ी से उतरने से इंकार कर दिया शूटिंग टीम ने गाड़ी अन्दर ले जाने का प्रयास किया मगर गाड़ी अंदर नहीं जा सकी काफी देर बाद निजी सुरक्षाकर्मियों के घेरे में राहुल देव शूटिंग स्थल पहुंचे। वहीं मौके पर भारी भीड़ जमा रही। इस दौरान अंदर घुसने को लेकर स्थानीय लोगों की प्रबंधकों से जमकर नोकझोंक हुई। देर रात भीड़ शूटिंग स्थल के बाहर जमा रही। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थिति गम्भीर बनी रही।
राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, लावड़ प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार का कहना है कि फिल्म शूटिंग की अनुमति प्रशासन से नहीं ली गयी है, इसकी जानकारी नहीं थी शूटिंग को बन्द करा दिया जाएगा।
डीआईओएस राजेश कुमार के अनुसार सरकारी संस्थान को फिल्म शूटिंग के लिए प्रधानाचार्य की अनुमति से नहीं दिया जा सकता। उन्होंने किस आधार पर शूटिंग के लिए संस्थान दिया है, जांच कराई जाएगी।
इंचौली थानाध्यक्ष जितेंद्र त्रिपाठी का कहना है कि शूटिंग की अनुमति उनके पास नही है, शूटिंग को बन्द करा दिया गया है। अनुमति लेकर आने तक शूटिंग नहीं होने दी जाएगी।
