मेरठ 11 फरवरी (प्र)। जैदीफार्म निवासी असलम की हत्या के मुख्य आरोपी असद पर एसएसपी अविनाश पांडेय की तरफ से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। इनाम की घोषणा के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में सरगरमी से जुट गई है।इस मामले में कुल 11 आरोपी नामजद हैं, जिनमें से केवल एक ही गिरफ्तार हो पाया है। पांच दिन बाद भी पुलिस मामले में खाली हाथ है, जिसको लेकर तमाम सवाल खड़े हो रहे हैं।
वारदात वाले दिन असलम जैदी फार्म की गली नंबर चार के बाहर अपने दोस्त शोएब के साथ खड़ा बात कर रहा था। इसी दौरान हमला हो गया। चार से पांच गोली असलम को लगी और वह जमीन पर गिर गया। शोएब के कंधे में भी एक गोली लग गई। हमलावर भाग निकले। आनन फानन में दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से असलम की नाजुक हालत को देखते हुए दिल्ली रेफर कर दिया गया। रात में असलम की मौत हो गई, जिसके बाद तनाव बढ़ता चला गया। देर रात ही असलम के पिता मोहम्मद इमरान की तरफ से मुकदमा दर्ज किया गया, जिसमें आहद पुत्र शमीम, असद, रिहान, तारिक, राशिद, शमी पुत्रगण अमीर अहमद के अलावा इस्माइल पुत्र शमीम, समीर उर्फ मोटा बवानिया पुत्र सलीम, अमीर अहमद पुत्र इशाक, चंदन पुत्र इशाक और आमना पुत्र शमीम को नामजद किया गया था। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। तनाव को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
असलम के पिता की तरफ से जितने लोगों को नामजद किया गया था, उनमें से पुलिस के हाथ केवल एक आरोपी समीर उर्फ मोटा ही आ पाया है, जिसे वह पहले ही जेल भेज चुकी है। उसके अलावा सभी आरोपियों के घरों पर ताले पड़े हैं।
पुलिस के अलावा असलम पक्ष के द्वारा भी निगरानी कराई जा रही है। इसको देखते हुए पुलिस अलर्ट है।
इस मामले में अब पुलिस ने अपनी कार्रवाई को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। एसएसपी अविनाश पांडेय के द्वारा मंगलवार शाम फायरिंग के मुख्य आरोपी असद पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया।
इनाम की घोषणा के साथ ही पुलिस ने उसकी घेराबंदी शुरु कर दी है। कुछ और लोगों को हिरासत में लिया गया है।
