मेरठ 11 फरवरी (प्र)। मेरठ वासियों के साथ आसपास के क्षेत्रवासियों को जिस मेला नौचंदी का इंतजार है, वह मेला नौचंदी जल्द लगेगा। इस बार मेला नौचंदी का आयोजन जिला पंचायत के माध्यम से किया जायेगा। डीएम ने इसके लिए बाकायदा बैठक लेते हुए आयोजन की तैयारियों को अमली जामा पहनाया। डीएम ने कहा कि मेला नौचंदी इस बार भी भव्य रूप से मनाया जाये विकास भवन सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह की अध्यक्षता में नौचंदी मेला 2026 के आयोजन की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। इसमें डीएम ने कहा कि नौचंदी मेला एक प्रांतीयकृत मेला है, इसलिए सभी कार्यवाहियां मेले की गरिमा के अनुरूप कार्य किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सभी तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न समितियों के नोडल अधिकारी नामित किए जाएं और सभी तैयारियां समयबद्धता के साथ पूरी की जाएं। मेले में किए जाने वाले कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया भी तुरंत शुरू की जाए। जिलाधिकारी ने नौचंदी मेला स्थल का भ्रमण कर सड़क मरम्मत, साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, पानी का छिड़काव, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, शौचालयों की उपलब्धता, पटेल मंडप का सौंदर्यीकरण, टेंडर प्रक्रिया और दुकान आवंटन जैसे सभी कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने नौचंदी मेला कमेटी की बैठक बुलाकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि इस बार मेला नौचंदी जिला पंचायत के माध्यम से लगवाया जायेगा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, अपर जिलाधिकारी नगर बृजेश सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त सूर्यकांत त्रिपाठी, एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह, एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट नवीन कुमार श्रीवास्तव, मुख्य कोषाधिकारी वरुण खरे उपस्थित रहे।
