Wednesday, February 11

1.45 करोड़ की धोखाधड़ी का कॉलेज के अकाउंटेंट पर आरोप

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ, 11 फरवरी (दैनिक केसर खुशबू टाईम्स)। जानी थाना क्षेत्र में मेरठ इंस्टीटयूट ऑफ इंजीनियरिंग कॉलेज के चेयरमैन विष्णुशरण अग्रवाल ने अपने कॉलेज के अकाउंटेंट पर बच्चों की फीस के 1.45 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। विष्णुशरण ने मंगलवार को एसएसपी ऑफिस पर शिकायत पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस शिकायत पत्र के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।
जवाहर क्वार्टर निवासी विष्णुशरण अग्रवाल ने गत दिवस एसएसपी ऑफिस पर शिकायत पत्र देते हुए बताया कि उनका दिल्ली देहारादून हाईवे पर मेरठ इंस्टीटयूट ऑफ इंजीनियरिंग कॉलेज है। उनके कॉलेज में 2022 से जागृति विहार निवासी आरोपी अकाउंटेंट के पद पर था। आरोपी कॉलेज के छात्रों की फीस के अलावा पैसे के लेनदेन का काम करता था।
अप्रैल 2025 से जनवरी 2026 तक कॉलेज में 70 करोड़ रुपये फीस के रूप में जमा हुए थे। 4 फरवरी को उन्होंने खाता चेक किया। यहां उन्हें खाते में गड़बड़ी दिखाई दी। जांच में पता चला कि खाते में 1.45 करोड़ रुपये कम है। उन्होंने आरोपी से मामले को लेकर जानकारी की। इस पर आरोपी चेयरमैन को स्पष्ट जवाब नहीं दे पाया। थोड़ी देर में आने की बात कहकर आरोपी मौके से भाग गया। आरोपी ने अपना मोबाइल भी बंद कर लिया। विष्णुशरण के अनुसार आरोपी का भाई उनके स्कूल में अकाउंटेंट था। उसका भी नंबर बंद आ रहा है।
आरोपी का भाई भी फीस का रिकार्ड छिपाकर गायब है। जब संस्था के पदाधिकारी आरोपियों के घर पहुंचे तो यहां उन्हें पता चला कि आरोपियों ने काफी समय पूर्व यह मकान बेच दिया था। एसएसपी ने थाना पुलिस को जांच का निर्देश दिया। सीओ सरधना आशुतोष कुमार का कहना है कि शिकायत पत्र के आधार पर जांच की जाएगी। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई होगी।

Share.

About Author

Leave A Reply