Thursday, February 12

साहिल के साथ हिंदू युवती की शादी टली, विरोध करने पर चाचा को फोन पर मिली जान से मारने की धमकी

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 12 फरवरी (प्र)। हिंदू सुरक्षा संगठन की धमकी के बाद मंडप की बुकिंग कैंसिल होने के साथ ही समुदाय विशेष के मंगेतर साहिल के साथ हिंदू युवती की 13 फरवरी को होने वाली शादी टल गई है। युवती और उसकी मां ने शादी टालने के निर्णय की जानकारी दी। इसे हिंदू संगठन की जीत के रूप में देखा जा रहा है। उधर, युवती की मां का कहना है कि अगर कोई हाथोहाथ मंडप दिलवा दे तो वह इसी तिथि पर बेटी की शादी कर सकती हैं, लेकिन परिस्थितियों ने लाचार कर दिया है। ऐसे में शादी कब होगी, यह कहना मुश्किल है।

मवाना रोड स्थित पैराडाइज विवाह मंडप में हिंदू युवती की मुस्लिम युवक के साथ 13 फरवरी को शादी की तैयारी पर बुधवार को पानी फिर गया। मंडप स्वामी ने युवती की मां लता गौतम को फोन कर बताया कि उसे हिंदू संगठन की ओर से धमकी मिल रही है। ऐसे में बुकिंग कैंसिल करनी पड़ रही है। मंडप की बुकिंग रद्द होने के बाद युवती और उसकी मां ने शादी टाल दी।

हालांकि शादी पर उठे तूफान के बीच युवती की मां लता अपनी बेटी के साथ चट्टान की तरह खड़ी हैं। देर शाम लता ने बताया कि मंडप वाले ने फोन पर बताया कि धमकियां मिल रही हैं। ऐसे में बुकिंग कैंसिल कर रहा हूं। इससे शुक्रवार को होने वाले शादी समारोह को स्थगित करने का निर्णय लेना पड़ा है। बुकिंग कैंसिल होने से बरातियों का स्वागत और शादी की रस्म पूरी करा पाना संभव नहीं है। ऐसे में शादी टालनी पड़ रही है।

शादी कब होगी, इस सवाल पर मां लता ने कहा कि हाथों हाथ कोई अगर मुझे मंडप दिलवा दे तो मैं इसी तिथि पर शादी कर दूं। परिस्थितियों को देखते हुए मैं कोई निर्णय नहीं ले पा रही हूं। फिलहाल शादी कैंसिल करनी पड़ रही है।

वहीं समुदाय विशेष के युवक से भतीजी की शादी का विरोध करने वाले चाचा ने बुधवार को मोबाइल पर धमकी मिलने पर एसएसपी अविनाश पांडेय से मिलकर सुरक्षा की गुहार लगाई। एसएसपी को उन्होंने बताया कि धर्मांतरण की प्राथमिकी वापस लेने की उन्हें मोबाइल पर धमकी मिल रही है। चाचा ने गंगानगर थाने में समुदाय विशेष के युवक साहिल के खिलाफ भतीजी का धर्मांतरण कराने संबंधी प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने दोहराया कि यदि पुलिस ने समय पर सुरक्षा प्रदान नहीं की तो कोई बड़ी घटना हो सकती है।

Share.

About Author

Leave A Reply