Thursday, February 12

मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक नमो भारत और मेट्रो के स्टेशन तैयार, डिपो का काम बाकी

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 12 फरवरी (प्र)। मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक नमो भारत और मेट्रो ट्रेन में सफर करने का सपना अब साकार होने वाला है। दस दिन के भीतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरठ की जनता को मेट्रो और नमो भारत ट्रेन सौंपने की तैयारी में हैं। एनसीआरटीसी और जिला प्रशासनिक अधिकारियों ने जहां मेट्रो स्टेशनों का निरीक्षण करके व्यवस्थाओं का जायजा ले लिया है। वहीं नमो भारत और मेट्रो में यात्रियों की भीड़ बढ़ने पर दिल्ली रोड की यातायात व्यवस्था सुधार का भी प्लान तैयार हो गया है।

मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच सभी 13 मेट्रो स्टेशन बनकर तैयार हैं। वाहन पार्किंग का काम भी पूरा हो चुका है। मोदीपुरम से मेरठ साउथ के बीच 27 किमी लंबे इस कॉरिडोर पर ट्रेनों का संचालन शुरू होने के बाद मेरठ की जनता के लिए दिल्ली बेहद करीब हो जाएगी। इस ट्रैक पर नमो भारत और मेट्रो एक साथ दौड़ेंगी।
परतापुर से मोदीपुरम मेट्रो स्टेशनों का काम लगभग पूरा हो गया है। सुरक्षा की दृष्टि से सभी स्टेशनों पर पुलिस और कर्मचारी तैनात मिले। किसी भी स्टेशन पर बाहरी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया गया।

शताब्दीनगर रेलवे स्टेशन पर टिकट काउंटर, बाहर और अंदर आने के गेट, वाहन पार्किंग सब तैयार हैं। इसके अलावा शहर के अंदर ब्रह्मपुरी, मेरठ सेंट्रल मेट्रो स्टेशन भी फिनिशिंग के बाद चमचमा रहा है। शहीद स्मारक के पास भैसाली मेट्रो स्टेशनों को भी सुंदर तरीके से बनाया गया है। यहां पर शास्त्रीय संगीत पर आधारित चित्रकारी हर किसी का मनमोह रही है। बेगमपुल पर सबसे बड़ा भूमिगत मेट्रो स्टेशन बना है।

बेगमपुल से आगे मोदीपुरम की तरफ गांधी बाग से थोड़ा आगे एमईएस कॉलोनी के सामने मेट्रो स्टेशन, डौरली मेट्रो स्टेशन, मेरठ उत्तर मेट्रो स्टेशन और मोदीपुरम मेट्रो स्टेशन पर भी काम पूरा हो गया है। वाहन पार्किंग भी तैयार है। हालांकि मोदीपुरम स्टेशन पर तो काम पूरा मिला लेकिन दिल्ली- हरिद्वार रेल मार्ग के किनारे बनाया जा रहा है मोदीपुरम डिपो का काम अभी अधूरा है।

दिल्ली से मोदीपुरम तक 82 किमी का है कॉरिडोर
दिल्ली से मोदीपुरम तक एनसीआरटीसी के इस रैपिड कॉरिडोर की लंबाई 82 किमी है। दिल्ली अशोक नगर से मेरठ साउथ तक 55 किमी लंबे कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेन जनता को सेवाएं दे रही है। मोदीपुरम तक नमो भारत और मेट्रो का संचालन शुरू होने के बाद मेरठ से दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम के लिए सफर करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक लगभग 27 किमी लंबे कॉरिडोर पर 13 स्टेशन हैं। इनमें 9 एलिवेटेड और 3 अंडरग्राउंड (मेरठ सेंट्रल, भैसाली और बेगमपुल हैं।

वहीं 22 फरवरी को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल, डीएम विजय कुमार सिंह, एसएसपी अविनाश पांडेय, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय मीना ने बुधवार को मेरठ साउथ स्टेशन से लेकर शताब्दी नगर स्टेशन व प्रस्तावित जनसभा स्थल की व्यवस्था परखी।

वर्तमान में मेरठ के मेरठ साउथ (भूड़बराल) से दिल्ली के न्यू अशोक नगर स्टेशन तक नमो भारत की सेवा जारी है। वर्तमान में इस हिस्से पर औसतन 60 हजार लोग प्रतिदिन यात्रा करते हैं, जिसका शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अलग-अलग समय पर दो चरणों में कर चुके हैं।

अब दिल्ली के सराय काले खां और मेरठ के बाकी तीनाें स्टेशनों (शताब्दीनगर, बेगमपुल व मोदीपुरम) पर यानी पूरे कारिडोर पर नमो भारत की सेवा शुरू होनी है। वहीं इसी पटरी पर मेरठ में मेरठ साउथ स्टेशन से मोदीपुरम डिपो स्टेशन तक मेट्रो भी दौड़ेगी। इसका भी शुभारंभ इसी के साथ होगा।

Share.

About Author

Leave A Reply