Tuesday, February 17

ऑनलाइन डेकोरेशन सामान बेचने का झांसा दे ठगी करने वाले गिरोह के 4 सदस्य गिरफ्तार

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 17 फरवरी (प्र)। हैंडक्राफ्ट एवं डेकोरेशन का सामान ऑनलाइन बेचने का झांसा देकर ठगने वाले गिरोह के चार सदस्यों को मुंडाली थाना पुलिस और साइबर सेल ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हैंडिक्राफ्ट, नौ मोबाइल फोन, सिमकार्ड आदि बरामद किया है। सोमवार को एसएसपी अविनाश पांडेय ने पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में मामले के खुलासे की जानकरी दी।

एसएसपी ने बताया कि मुंडाली थाना पुलिस एवं साइबर सेल ने संयुक्त कार्रवाई कर आई 4 सी (इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर) के तहत संचालित प्रतिबिंब पोर्टल पर लम्बित साइबर फ्रॉड और धोखाधड़ी की शिकायतों का निरीक्षण किया। पोर्टल पर अपराधियों द्वारा उपयोग किए गए मोबाइल नंबर और आईएमईआई नंबरों की ट्रेसिंग में नंबर थाना मुंडाली थाना क्षेत्र के गांव अजराड़ा में सक्रिय पाए गए। इसके बाद थाना पुलिस और सर्विलांस की टीम ने गांव अजराड़ा में दबिश देकर चार अभियुक्तों सलमान पुत्र गफ्फार, सलीम पुत्र मैनुद्दीन मतलूब पुत्र अय्यूब अली और जीशान पुत्र सगीर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और ठगी में प्रयुक्त हैंडिक्राफ्ट व डेकोरेशन का सामान बरामद किया। एसएसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी सलमान पर चार मुकदमें दर्ज हैं जबकि अन्य पर एक-एक मुकदमा दर्ज है।

गुर्गों से बरामद सामान
सलमान से दो मोबाइल फोन, सलीम-जीशान से तीन-तीन मोबाइल फोन व मतलूब से एक मोबाइल फोन के अलावा दो लोहे स्टार, एक लोहे का झूमर, तीन कांच बॉल, एक तार बॉल, एक कोच जग, 4 फूल की लड़ी, एक फूल शेड, एक तार टोकरी, एक कांच झूमर, एक तार बैलून, एक तार लट्टू तथा एक फूलों का सेट बरामद किया है।

ग्राहक को फोटो-वीडियो भेजकर फंसाते थे
पुलिस पूछताछ में गिरोह सरगना सलमान ने बताया कि वे फेसबुक और व्हाट्सएप के माध्यम से अन्य राज्यों और जनपदों के व्यक्तियों को डेकोरेशन का सामान सस्ते दाम में देने का झांसा देकर ठगी करते थे। इसके लिए इन्होंने फेसबुक/इंस्टाग्राम पर अलग अगल नामों से आईडी/पेज बनाकर VIDMATE APP के माध्यम से पहले से अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर डाली गई वीडियो और फोटो को डाउनलोड करके एडिट कर अपने नंबर के साथ उक्त फेसबुक/इंस्टाग्राम आईडी पर पोस्ट कर देते थे । इन विज्ञापनों को देखकर लोग हमसे स्वयं संपर्क करते थे, फिर WhatsApp पर डेकोरेशन सामान की फोटो भेजकर पसंद करवाकर Google Pay/Phone Pe के माध्यम से पैसे ले लिए जाते थे, लेकिन सामान ग्राहक तक नहीं पहुंचाया जाता था। आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनका गाँव पूरे देश में डेकोरेशन और झूमर आदि के लिए प्रसिद्ध है, जिसका लाभ उठाकर वे यह ठगी का काम करते थे।

Share.

About Author

Leave A Reply