Thursday, February 26

पत्नी के प्रेमी की ऐलानिया हत्या, मैंने मारीं सुनील को 3 गोलियां; कातिल का कबूलनामा; वीडियो वायरल

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 26 फरवरी (प्र)। बहसूमा थाना क्षेत्र में सुनील उर्फ सुरेंद्र उर्फ गाबा की सरे बाजार हत्या करने के बाद प्रदीप धीमान ने भागते हुए वीडियो बनाकर धमकी दी। उसने कहा कि मुझे मौत की परवाह नहीं है, जो घर से भागेगी, उसका ऐसा ही अंजाम होगा। जिसने मुझे दुख दिया था, उसे अभी मारकर आया हूं। पुलिस-प्रशासन से नहीं डरता। प्रशासन ने अगर भागने वाली औरतों के खिलाफ कदम नहीं उठाया तो ऐसे ही मरेंगी, ऐसे ही मरेंगी। और जिसने भी मेरे घर-परिवार वालों को परेशान किया। जिसकी बीवी भागे मुझे बताओ मैं मारूंगा। चार मिनट का यह वीडियो हत्यारोपी प्रदीप ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद पुलिस अलर्ट हो गई। पुलिस ने सुनील के घर रह रही आरोपी की पूर्व पत्नी को सुरक्षा में ले लिया है।

सुनील की हत्या के बाद आरोपी बाइक लेकर भाग गया। बाइक चलाते हुए ही उसने मोबाइल से वीडियो बनाया। इसमें कहा कि अभी मैं मार के आया हूं। तीन गोलियां मारी हैं। एक 12, एक 32 और एक 315 बोर की गोली मारी हैं। मैं खुद जिम्मेदार हूं। मेरे घर-परिवार का कोई जिम्मेदार नहीं है। मेरा यार-दोस्त कोई जिम्मेदार नहीं है। उसने कमर में लगे तमंचे दिखाते हुए कहा कि मैंने जिन हथियार से हत्या की है, ये रहे। इन्हें नहर में फेंक दूंगा। ठीक है भाई, वायरल कर दो मेरी वीडियो। बहसूमा थाने को पहुंचा दो, थाना फलावदा को पहुंचा दो, एसएसपी मेरठ को पहुंचा दो मेरी ये वीडियो। जो भागेगी न घर से, मुझे फोन करो, मैं अपने घर से बेदखल हूं। मैंने अपनी ज़मीन-जायदाद सब अपने भाइयों के नाम कर रखी है।

आरोपी ने कहा कि मेरे सिर पर मौत मंडरा रही है। ये रहा ढाई मीटर का कफन मेरे हाथ में। उसने सुनील के लिए कहा आज मिला था मुझे डेढ़ साल में। आज मार दिया मैंने भाई साहब। उसने पत्नी के लिए बिना नाम लिए कहा कि मैं छोड़ूंगा नहीं उसे। इसे मार दिया, उसे भी मारूंगा। अकेला हूं और मेरी मोटरसाइकिल ये है, मैं अकेला हूं। मैं खुद गवाह हूं, मैंने खुद मारा है।

हस्तिनापुर पुलिस ने मुझे हथियार उठाने के लिए मजबूर किया
भाई साहब मुझे हथियार उठाने पर मजबूर किया थाना हस्तिनापुर ने। एके शर्मा एसओ और दरोगा अनिल कुमार। जब उसके कोर्ट के कागज नहीं दिए तो भैया मुझे हथियार उठाने पर मजबूर किया। जिसने मुझे हथियार दिलवाए वो मर गया। हथियार देने वाला मैनपुर का है और इसके चाचा का लड़का है जो मरा है आज, जिसे मैंने मारा है। उसका नाम है हने सिंह मैनपुरिया जिसने मुझे हथियार दिलवाए और दीप सिंह ने बात करवाई।

आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि मैं झूठ नहीं बोल रहा, मेरी तो मौत है। जो भी मेरे घर-परिवार वालों को परेशान करेगा। थाना फलावदा हो, थाना बहसूमा हो, थाना हस्तिनापुर हो… भाई साहब मारूंगा। … एसओ को भी और दरोगा अनिल कुमार को भी। एक और है मैं उसका नाम नहीं ले रहा, मारूंगा उसको भी। वीडियो मैं वायरल कर रहा हूं। अभी फेसबुक और इंस्टाग्राम पर। मेरी इंस्टाग्राम आईडी है मौत का खौफ 302।

सुनील के चाचा सुजीत ने पुलिस की लापरवाही से हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रदीप ने छह माह पूर्व रामराज स्थित उनके घर पर फायरिंग की थी। इस दौरान आरोपी मोहल्लेवासी एकत्र हो गए और उन्होंने प्रदीप पर पथराव कर दिया था। इसके बाद आरोपी तमंचा मौके पर छोड़कर भाग गया था। यह तमंचा पुलिस को सौंपा गया था लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सुजीत का आरोप है कि यदि पुलिस उस समय ठोस कार्रवाई कर लेती तो उनके भतीजे सुनील की हत्या नहीं होती। सुनील का छोटा भाई विजय दिल्ली में नौकरी करता है। उनके पिता की बचपन में ही मौत हो गई थी। इनका लालन पालन उनके चाचा ने किया था। सुनील पेशे से किसान था।

डेढ़ साल पहले फलावदा थाना क्षेत्र के गांव सनोता गांव निवासी प्रदीप धीमान की वर्ष 2017 में हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के सैपुर कर्मचंदपुर निवासी पूनम से शादी हुई थी। दंपती के दो बेटियां हुईं। दोनों बेटियां अब पांच और तीन साल की हैं। जब छोटी बेटी डेढ़ साल की थी तो पूनम दोनों बेटियों और पति को छोड़कर सुनील के साथ चली गई थी। इसकी शिकायत पुलिस से की गई थी। इसके बाद पूनम ने हस्तिनापुर थाने आकर पति प्रदीप के साथ जाने से इन्कार कर दिया और उसने सुनील के साथ जाने की जिद की थी। इसके बाद पुलिस ने उसे सुनील के साथ भेज दिया था। इसके बाद से ही वह सुनील की हत्या करने की फिराक में था। वायरल वीडियो में आरोपी ने एसओ एके शर्मा और सुनील कुमार का नाम लिया है। वह दोनों उस दौरान थाने में तैनात बताए गए हैं।

Share.

About Author

Leave A Reply