मेरठ, 25 फरवरी (दैनिक केशर खुशबू टाईम्स)। भारतीय किसान यूनियन (तोमर) ने फिटनेस और अनावश्यक जुर्माना लगाने की कार्रवाई को लेकर शास्त्रीनगर स्थित संभागीय परिवहन कार्यालय में धरना दिया। ट्रैक्टर-ट्राली लेकर पहुंचे किसानों ने कामकाज ठप कर दिया। सात घंटे धरना एसीएम को ज्ञापन सौंपने के बाद समाप्त हुआ। इस दौरान वक्ताओं ने परिवहन कार्यालय में भ्रष्टाचार और दलाल राज के विरोध में नारेबाजी की। जिला अध्यक्ष इंतजार देशवाल ने कहा कि जनपद के वाहनों को फिटनेस के लिए बिजनौर और गाजियाबाद जाना पड़ रहा है। जहां आने-जाने में अतिरिक्त खर्च आता है परेशानी अलग होती है। उन्होंने कहा कि मेरठ में ही गाड़ियों की फिटनेस की जाए। यात्रीकर अधिकारी प्रीति पांडेय पर वाहनों पर भारी जुर्माना लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनके सरकारी वाहन में एक निजी आदमी चलता है। उनकी संपत्ति की जांच कराने की मांग की गई।
वहीं, जब यात्रीकर अधिकारी प्रीति पांडेय से इस संबंध में बात की गई तो उन्होंने कहा कि उनके पिता का स्वास्थ्य खराब है। इसी लिए वह अवकाश पर हैं। कहा कि ओवर लोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने के चलते ऐसे बेबुनियाद आरोप लगाए गए हैं। आरटीओ अनीता सिंह और एआरटीओ राजेश कर्दम ज्ञापन लेने पहुंचे, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने ज्ञापन देने से इन्कार कर दिया। एसीएम को ज्ञापन सौंपा। 10 दिन के अंदर समस्याओं समाधान करने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर राष्ट्रीय महापंचायत करने को विवश होंगे। अभिषेक चौधरी, अमित चौधरी, शिवांशु, विवेक लांबा, अरुण, आकिल, अमरपाल सिंह, शमशाद मलिक, सुलेमान प्रधान, अब्बास सैफी मौजूद रहे।
भारतीय किसान यूनियन तोमर गुट ने दलाली के विरोध में आरटीओ घेरा, लगाया आरोप
Share.
