मेरठ, 28 फरवरी (हि)। सिवाया टोल प्लाजा पर गत दिवस भारतीय किसान यूनियन चढूनी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फ्री ट्रेड डील को लेकर प्रधानमंत्री और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का विरोध कर पुतला फूंकने का प्रयास किया। पुलिस फोर्स संग मौके पर पहुंचे सीओ दौराला ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। इस बीच पुलिस ने कार्यकर्ताओं से दोनों पुतले छीन लिए, जिस पर उनकी पुलिस से नोकझोंक और धक्कामुक्की हुई। पुलिस ने दो पदाधिकारियों और दो कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर थाने भेजा। थाने पहुंचे कार्यकर्ताओं के विरोध के बाद पुलिस ने सभी को छोड़ दिया।
भाकियू चढूनी जिला अध्यक्ष धीरेंद्र तालान ने कहा कि भारत-अमेरिका के बीच फ्री ट्रेड डील पर वार्ता चल रही है, जो लगभग फाइनल दौर में है। इस डील से देश के किसानों को नुकसान होगा। भाकियू चढूनी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता पुतला फूंकने पहुंचे थे। पुलिस ने पुतला छीन लिया, जिसके बाद पुलिस के साथ नोकझोंक और धक्कामुक्की हुई। उन्होंने सिवाया टोल पर धरना प्रदर्शन शुरू किया, जिस पर पुलिस ने बल प्रयोग कर युवा प्रदेश अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, जिला अध्यक्ष धीरेंद्र तालान, कार्यकर्ता अनिल कुमार, सदाकत अली को हिरासत में ले लिया और थाने ले आई। कार्यकर्ताओं ने हिरासत में लिए जाने का विरोध करते हुए थाना परिसर में धरने की चेतावनी दी। भारी विरोध देखते हुए पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। उपेंद्र मलिक, रणपाल सिंह, कुलदीप सिंह आदि रहे।
पुलिस और भाकियू चढूनी गुट के बीच जमकर हुई नोकझोंक
Share.
