Saturday, February 28

नाली में घूम रहा था 17 फीट का अजगर

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 28 फरवरी (प्र)। जागृति विहार की भागीरथी और सोमदत एन्क्लेव कालोनी के समीप शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 17 फीट लंबा अजगर आबादी के बीच एक नाले में दिखाई दिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर भी वन विभाग का एक वालंटियर ही पहुंचा जिसने रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया। अजगर को पकड़ने में वालंटियर को करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान कई युवक अजगर के साथ फोटो खिचवाते और सेल्फी लेते नजर आए, जिसे लेकर वन कर्मियों ने बार-बार सावधानी बरतने की अपील की। बाद में अजगर को हस्तिनापुर क्षेत्र में छोड़ा गया।

जागृति विहार रिंग रोड एक्सटेंशन क्षेत्र की भागीरथी और सोमदत एन्क्लेव कालोनी के बीच से एक नाला वह रहा है। शुक्रवार की दोपहर करीब 12 बजे यहां पर एक अजगर को स्थानीय लोगों ने देखा। लोगों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग जब दो घंटे तक भी नहीं पहुंचा तो स्थानीय लोग विनीत चपराना, मोनू कुमार, सुरेश, मनोज कुमार आदि ने अजगर को खुद ही रेस्क्यू करने की कोशिश की, लेकिन ढाई घंटे बाद वन विभाग का एक वालंटियर प्रिंस मौके पर एक गाड़ी और स्टिक के साथ पहुंचा। उसने स्थानीय लोगों की मदद से अजगर को रेस्क्यू किया।

इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई युवाओं ने अजगर को हाथ में लेकर फोटो खिंचवाए। सेल्फी भी ली। वन विभाग का वालंटियर लगातार लोगों से अपील करता रहा कि वह सावधान रहे। उसकी किसी ने एक नहीं सुनी। वन विभाग की टीम का मौके पर न पहुंचना और युवाओं के द्वारा फोटो खिंचवाना, इससे कोई भी बड़ा हादसा हो सकता था हालांकि वालंटियर प्रिंस अजगर को गाड़ी में डाला और हस्तिनापुर ले गया।

नगर निगम ने चलाया सफाई अभियान
जहां पर अजगर मिला है, वहां पर झाड़ियां और गंदगी है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम को सूचना दी। जिसके बाद उन्होंने जेसीबी के साथ कर्मचारी को भेजा। उन्होंने जेसीबी से झाड़ियों को वहां से हटवाया।

सरायकाजी पुल की सुरंग में इससे बड़ा अजगर
लोगों का कहना है कि सरायकाजी पुल के नीचे नाले में इससे भी बड़ा अजगर छिपा हुआ है। यहां पर एक सुरंग है। इस सुरंग में ही अजगर रहता है। जिससे लोगों में दहशत है। यहां से दो अजगर वन विभाग की टीम पहले रेस्क्यू कर चुकी ।

Share.

About Author

Leave A Reply